सड़क या सैलाब! कुछ ही घंटों की बारिश ने Delhi में सड़कों का कर दिया ऐसा हाल, कई जगह ट्रैफिक बंद [Video]

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 21, 2021, 09:11 AM IST

दिल्‍ली में घनघोर बारिश ने आम लोगों को गर्मी व उमस से राहत दिलाई तो ट्रैफिक की बड़ी समस्‍या पैदा कर दी। सड़कों पर लबालब पानी भरा है, जिसके कारण गाड़‍ियों की आवाजाही में मुश्किलें आ रही हैं।

नई दिल्ली : राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में शुक्रवार रात से ही बारिश हो रही है, जिसके कारण तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। लेकिन झमाझम बारिश से कुछ ही घंटों में दिल्‍ली की सड़कों का जो हाल हुआ है, वह लोगों के लिए परेशानी का बड़ा कारण बन गई है। कनॉट प्लेस जैसे पॉश इलाके में भी सड़कों पर लबालब पानी भरा है, जिसके कारण ट्रैफिक में खासी मुश्किलें आ रही हैं।

मिंटो ब्रिज अंडपास रोड पर भी पानी भर गया है, जिसके कारण यहां गाड़‍ियों की आवाजाही बंद कर दी गई है। मिंटो ब्रिज से वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ वाहनों को वहां पहुंचने के बाद लौटते देखा जा रहा है, क्‍योंकि आगे बैरिकेडिंग कर दी गई है।

प्रगति मैदान इलाके में भी यही हाल है, जहां सड़कों पर जलभराव के बीच से वाहनों को गुजरते देखा गया। लाजपत नगर, आजादपुर, जंगपुरा इलाके में भी सड़कों का ऐसा ही हाल है।

आईटीओ-प्रगति मैदान रोड पर भी खूब पानी भरा हुआ है, जिसके कारण लोगों को ट्रैफिक में परेशानी हो रही है।

यहां उल्‍लेखनीय है कि भारत मौसम विभाग ने दिल्‍ली में आज (शनिवार, 21 अगस्‍त) मध्‍यम से भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

End of Article