Sultanpur Accident News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह एक भीषण हादसा हुआ, जो एक शहीद के परिवार के लिए काल बनकर आया। हरियाणा के पंचकुला से शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही एक एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। इस भीषण हादसे में शहीद के बेटे, भाई, भतीजे और एंबुलेंस चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई।
यह हादसा रविवार सुबह करीब 8:15 बजे अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हलियापुर थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात एंबुलेंस पंचकुला से शहीद का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया के रुद्रपुर के लिए रवाना हुई थी। इसमें शहीद के परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एंबुलेंस की रफ्तार काफी तेज थी। हलियापुर के पास अचानक एंबुलेंस बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान के बेटे गौरव सिंह, भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ और एंबुलेंस चालक जसपाल की जान चली गई।
हादसे में एंबुलेंस के उड़े परखच्चे
यह हादसा इतना भयानक था कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन पिचक गया। ड्राइवर जसपाल और गौरव सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि घायल राजन चौधरी और राम समुझ गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हलियापुर पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। जिसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अयोध्या के सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
देवरिया के रुद्रपुर निवासी सेना के सूबेदार मेजर सत्यवान कुछ दिन पहले पंचकुला में शहीद हो गए थे। उनका पार्थिव शरीर लेने के लिए परिवार से उनके भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ और बेटे गौरव सिंह पंचकुला गए थे। शनिवार देर रात तीनों एंबुलेंस से शहीद का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया के लिए निकले थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही यह भीषण हादसा हो गया।
चालक को झपकी आने के कारण हादसे की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना मान रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की गहन जांच की जा रही है। हादसे के बाद शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर सम्मान के साथ हलियापुर थाने में रखवाया गया है और परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है।
