Delhi : गर्म थपेड़ों से अभी नहीं मिलेगी राहत, दिल्ली में मानसून कब आएगा IMD ने बताया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 1, 2021, 03:03 PM IST

मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि दिल्ली में गर्म हवाएं अभी चलती रहेंगी। करीब एक सप्ताह के बाद मानसून राजधानी में दस्तक दे सकता है। गत मंगलवार को दिल्ली का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

Delhi : गर्म थपेड़ों से अभी नहीं मिलेगी राहत, दिल्ली में मानसून कब आएगा IMD ने बताया
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली इन दिनों गर्म हवा एवं लू का सामना कर रही है। बढ़े हुए पारे और उमस ने लोगों को बाहर निकलना दूभर कर दिया है। आने वाले दिनों में भी गर्मी एवं उमस से लोगों को राहत मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने गुरुवार को कहा कि राजधानी में मानसून की दस्तक करीब एक सप्ताह के बाद होगी। इस दौरान राजधानीवासियों को लू के थपेड़ों को सामना करना पड़ेगा। दिल्ली में मानसून जून के अंतिम सप्ताह तक आ जाता है लेकिन इस बार इसमें देरी हुई है। 

दिल्ली में 4-5 दिनों के बाद आएगा मानसून
गत बुधवार को दिल्ली में इस सीजन का सर्वाधिक तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पूरे दिन गर्म हवाएं चलती रहीं और उमस से लोग परेशान रहे। आईएमडी दिल्ली के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने गुरुवार को कहा, 'उत्तर पश्चिम भारत में दक्षिण पश्चमी हवाएं कुछ राहत दे सकती हैं लेकिन गर्म हवाओं का चलना अगले चार से पांच दिनों तक जारी रहेगा। दिल्ली की तरफ करीब एक सप्ताह के बाद हम मानसून के आने की उम्मीद कर रहे हैं।'

गुरुवार को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी भागों में गर्म हवाएं तब चलती हैं अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाता है। आईएमडी का कहना है कि गुरुवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 41 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। बुधवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। 

दिल्ली की एक्यूआई 'खराब' श्रेणी में रही
गुरुवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के डाटा के मुताबिक सुबह सात बजे वायु गुणवत्ता इंडेक्स 265 था। एक्यूआई के जीरो से 50 के बीच रहने पर इसे 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच को 'सामान्य', 201 से 300  के बीच को 'खराब', 301 से 400 के बीच को 'अत्यंत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।


भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि शहर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सापेक्ष आर्द्रता का स्तर सुबह साढ़े आठ बजे तक 43 प्रतिशत दर्ज किया गया।

End of Article