Ram Rahim News: डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को मिली एक महीने की पैरोल, भारी सुरक्षा के बीच बागपत आश्रम पहुंचा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 17, 2022, 01:52 PM IST

Ram Rahim News: रोहतक की सुनारिया जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर पैरोल मिल गई है। इस बार राज्‍य सरकार की तरफ एक माह का पैरोल दिया गया है। पैरोल के दौरान राम रहीम अपने बागपत वाले आश्रम में रहेगा। बता दें कि राम रहिम साध्वी यौन शोषण व दो हत्याओं के मामले में सजा काट रहा है।

Ram Rahim News: डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को मिली एक महीने की पैरोल, भारी सुरक्षा के बीच बागपत आश्रम पहुंचा
Photo Credit: Twitter

Ram Rahim News: रोहतक की सुनारिया जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर पैरोल मिल गई है। इस बार गुरमीत राम रहीम को जेल प्रशासन की तरफ से 1 माह का लंबा पैरोल दिया गया है। पैरोल मिलने के बाद शुक्रवार सुबह राम रहीम भारी सुरक्षा के बीच जेल से निकलकर बागपत के लिए रवाना हुआ। अब एक माह तक वो बागपत में स्थित डेरा आश्रम में हीं पर रहेगा।

बता दें कि, साध्वी यौन शोषण व दो हत्याओं के मामले में राम रहीम सुनारिया जेल में अगस्त 2017 से ही सजा काट रहा है। राम रहीम को पंचकूला की सीबीआई कोर्ट ने अगस्त 2017 में साध्वी यौन शोषण मामले में 20 साल की सजा सुनाई थी। वहीं कैथल के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति मर्डर केस में भी राम रहीम को सजा मिली है।  

पहले भी मिल चुका कई बार पैरोल

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को यह पैरोल हरियाणा सरकार की तरफ से मिला है। राम रहीम को इससे पहले भी दो बार पैरोल मिल चुका है, जिसको लेकर विवाद भी हुआ था और पैरोल के खिलाफ हरियरणा-पंजाब हाईकोर्ट में अपील भी की गई थी। बता दें कि राम रहीम को इसी साल 7 फरवरी को 21 दिन की पैरोल मिली थी। उस दौरान राम रहीम की जान को खतरा बताते हुए सरकार की तरफ से बकायदा जेड प्लस सिक्योरिटी भी मुहैया करवाई गई थी। उस समय राम रहीम ज्यादातर अपने गुरुग्राम स्थित आश्रम में ही रहा था।

इलाज के लिए भी मिली थी पैरौल

पैरौल दौरान लोगों ने राम रहीम पर पैरोल मामले में मेहरबानी करने का आरोप लगाया था, हालांकि राज्‍य सरकार ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पैरोल को नियमानुसार बताया था। वहीं पिछले साल भी राम रहीम को बीमार मां को देखने के लिए 48 घंटे की एमरजेंसी पैरोल दी गई थी। इसके अलावा राम रहीम इलाज के लिए भी काफी समय तक जेल से बाहर रहकर पीजीआई रोहतक और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती रह चुका है।

End of Article