ठंड की चपेट में दिल्ली, न्यूनतम तापमान 3.5 दर्ज, गुरुवार रहा ठंडा दिन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 17, 2020, 10:52 PM IST

Delhi winter: दिल्ली में गुरुवार ठंडा दिन रहा जहां अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है।

ठंड की चपेट में दिल्ली, न्यूनतम तापमान 3.5 दर्ज, गुरुवार रहा ठंडा दिन

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को ठंड ने अपनी चपेट में ले लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि गुरुवार रात को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित उत्तरी राज्यों में अगले दो दिनों तक सर्दी की ठिठुरन का सिलसिला जारी रहेगा। दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। पश्चिमी हिमालय से उठीं बर्फीली हवाएं लगातार दिल्ली में चल रही हैं। 'ठंडा दिन' उसे कहते हैं जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है।

आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी हुई और अब शीत लहर के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ने की वजह से तापमान में गिरावट आ रही है। आईएमडी मैदानी इलाकों के लिए शीत लहर की घोषणा तब करता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे हो और लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम हो। 

सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आयानगर और रिज मौसम स्टेशनों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.8 डिग्री सेल्सियस और 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

(भाषा के इनपुट के साथ)
 

End of Article