दिल्‍ली में थम नहीं रहा कोरोना का कहर, 10 दिनों में चौथी बार 24 घंटों में 100 से अधिक मौतें, 5879 नए केस

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 22, 2020, 12:22 AM IST

दिल्‍ली में एक बार फिर कोरोना वायरस संक्रमण से  100 से अधिक लोगों की जान गई है। यह पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है, जब इस घातक संक्रमण से रोजाना होने वाली मौतों की संख्या यहां 100 से अधिक रही।

दिल्‍ली में थम नहीं रहा कोरोना का कहर, 10 दिनों में चौथी बार 24 घंटों में 100 से अधिक मौतें, 5879 नए केस
Photo Credit: AP, File Image

नई दिल्‍ली : राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। यहां शनिवार को भी संक्रमण से 100 अधिक लोगों की जान गई, जबकि लगभग 6 हजार नए मामले सामने आए। संक्रमण दर 12.90 प्रतिशत रही। इस बीच बीते पांच दिनों में शहर में केन्द्र और दिल्ली सरकार द्वारा संचालित अस्पतालों में 400 से अधिक बिस्तर कोरोना संक्रमितों के इलाज के लिए जोड़े गए हैं।

दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, राष्‍ट्रीय राजधानी में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 5,879 नए केस दर्ज किए गए हैं, जबकि 111 मरीजों की जान गई है। इसके साथ ही यहां कोविड-19 से जान गंवाने वालों की संख्‍या बढ़कर 8,270 हो गई है। नए मामले शुक्रवार को किए गए 45,562 परीक्षणों से सामने आए है, जिनमें 21,845 आरटी-पीसीआर परीक्षण शामिल हैं।

111 मरीजों ने तोड़ा दम

दिल्‍ली में एक दिन में सर्वाधिक 8,593 मामले 11 नवंबर को सामने आए थे, जब 85 मरीजों की इस बीमारी से जान चली गई थी। वहीं शनिवार को 111 मरीजों की मौत हुई। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है, जब इस घातक संक्रमण से रोजाना होने वाली मौतों की संख्या यहां 100 से अधिक रही है। इससे पहले शुक्रवार को यहां 118 मरीजों की जान गई थी, जबकि 18 नवंबर को 131 और 12 नवंबर को 104 मरीजों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

बुलेटिन के अनुसार, दिल्‍ली में कुल मामले बढ़कर अब 5,23,117 हो गए हैं, जिनमें से 4,75,103 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। दिल्‍ली में शनिवार को उपचाराधीन मरीजों की संख्या 39,741 रही। यहां निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या शनिवार को 4,633 हो गई।

इस बीच एक अधिकारी ने बताया कि कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि के बीच पिछले पांच दिनों में केंद्र और दिल्ली सरकार द्वारा संचालित अस्पतालों में 400 से अधिक आईसीयू बेड कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए बढ़ाए गए हैं। 

End of Article