दिल्ली में कोरोना के 1100 से ज्यादा नए मामले, होली के सार्वजनिक उत्सव की अनुमति नहीं, होगी रैंडम टेस्टिंग

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 23, 2021, 10:28 PM IST

Delhi Coronavirus: दिल्ली में रिकार्ड 1101 दैनिक नए मामले सामने आए हैं, जो पिछले तीन महीने में सबसे ज्यादा हैं। चार लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 10,967 हो गई है।

दिल्ली में कोरोना के 1100 से ज्यादा नए मामले, होली के सार्वजनिक उत्सव की अनुमति नहीं, होगी रैंडम टेस्टिंग

नई दिल्ली: महाराष्ट्र समेत कुछ अन्य राज्यों की तरह दिल्ली में भी कोरोना वायरस के मामलों में तेजी आ रही है। आज 1100 से ज्यादा कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। इसी के चलते दिल्ली सरकार ने सार्वजनिक स्थानों पर होली समारोहों पर प्रतिबंध लगा दिया है। 

दिल्ली में कोरोना वायरस के 1101 नए मामले सामने आए हैं और 4 मौतें हुई हैं। यहां कुल मामलों की संख्या 6,49,973 हो गई है। दिल्ली में अभी तक कोविड 19 से 10,967 मौतें हो चुकी हैं। कुल सक्रिय मामले 4411 हैं। अभी तक 6,34,595 मरीज इस वायरस से ठीक हो गए हैं। पिछले 3 महीनों में सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। इससे पहले 19 दिसम्बर 2020 को एक दिन में 1139 केस सामने आए थे। 

दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आदेश जारी किया है, 'दिल्ली में कोविड 19 के मामलों में वृद्धि के चलते आगामी त्योहारों जैसे होली, नवरात्रि, और आम तौर पर समारोहों के लिए सार्वजनिक उत्सवों की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी डीएम और संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना चाहिए।' इसमें कहा गया है कि अन्य राज्यों से आने वालों का हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों पर रैंडम आरटी-पीसीआर टेस्ट किया जाए। 


 

अब दिल्ली के एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी पर कोरोना की रैंडम टेस्टिंग होगी। इसके अलावा ऐसे पॉइंट पर भी रैंडम टेस्टिंग होगी जहां पर प्राइवेट बसों का जमावड़ा लगता है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि जिन राज्यों में कोरोना संक्रमण बहुत तेजी से फैल रहा है वहां से आने वाले यात्रियों की रैंडम टेस्टिंग की जाए। 

End of Article