Kanpur Murder Case: कानपुर में एक महिला ने अपने पति के पेट में चाकू घोपकर उसकी हत्या कर दी। परिजनों के मुताबिक, घटना के समय महिला मोबाइल पर अपने बॉयफ्रेंड से बात कर रही थी। पति ने उसे देख लिया। दोनों में झगड़ा होने लगा। इस बीच प्रेमी ने फोन पर महिला से कहा- पति का काम तमाम कर दो। उकसावे में आकर महिला ने चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर हालत में घायल पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 11 दिन बाद मंगलवार सुबह को उसकी मौत हो गई।
महिला ने करीब 9 साल पहले लव मैरिज की थी। परिजनों का दावा है कि पिछले 3 साल से उसका एक युवक के साथ अफेयर चल रहा था। ससुर की शिकायत पर पुलिस ने महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फीलखाना थाना प्रभारी अभय प्रताप सिंह ने बताया, " पूछताछ में महिला ने पति पर चाकू से हमला करने की बात स्वीकार कर ली है। उसको गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'दाने और पानी के लिए तरसा देंगे...', राजनाथ सिंह की पाकिस्तान को आतंकवाद पर दो टूक, बोले- तीनों सेनाओं को खुली छूट
विस्तार से जानिए पूरा मामला
फीलखाना के बालाजी धाम(Wife kills husband Kanpur) में रहने वाले रामकिशोर गुप्ता कपूर सप्लाई का कारोबार करते हैं। परिवार में पत्नी मीरा गुप्ता, बेटा मनीष गुप्ता (45) और एक बेटी पूनम गुप्ता हैं। पूनम की शादी हो चुकी है।
रामकिशोर ने बताया कि उनका बेटा मनीष किराना बाजार में ब्रोकर था। इस दौरान उसकी मुलाकात बिरहाना रोड स्थित लाफ्टीवेल स्कूल में पढ़ाने वाली निहारिका कश्यप से हो गई थी। निहारिका काहूकोठी की रहने वाली है। इसके बाद दोनों के बीच अफेयर हो गया।
हम लोगों को अफेयर का पता चला, तो मनीष और निहारिका की 30 जून, 2017 को शादी करा दी। दोनों का एक 6 साल का बेटा रियांश गुप्ता है। शादी के बाद बहू के कहने पर बेटे ने ब्रोकर का काम बंद कर दिया था। इसके बाद उसे रामगंज में ऑफिस दिलाकर कपूर का कारोबार शुरू करा दिया था।
3 साल पहले निहारिका जम्मू के युवक से फेसबुक पर मिली
मनीष के पिता रामकिशोर गुप्ता ने बताया- बहू निहारिका का करीब 3 साल पहले एक युवक अंग्रेज से अफेयर हो गया। वह जम्मू का रहने वाला बताया जा रहा है। दोनों फेसबुक के जरिए मिले थे। उसके बाद दोनों के बीच फोन पर लंबी-लंबी बातचीत होने लगी। यह बात मनीष को पता चली, तो उसने विरोध किया। मनीष का विरोध करना निहारिका को पसंद नहीं था। इसी बात पर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होने लगा।
पति के पेट में चाकू से वार किया, इलाज के दौरान मौत
फीलखाना थाना प्रभारी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी महिला से पूछताछ में सामने आया कि 5 जून की दोपहर करीब एक बजे निहारिका अपने बॉयफ्रेंड से बात कर रही थी। यह देखकर पति मनीष ने इसका विरोध किया। इस पर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी दौरान निहारिका ने सब्जी काटने वाले चाकू से मनीष के पेट में वार कर दिया।
चीख की आवाज सुन मौके पर पहुंचे परिजन उसे बिरहाना रोड स्थित केपीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। वह से डॉक्टरों ने उसे हैलट रेफर कर दिया। हैलट में इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह उसकी मौत हो गई।
मनीष के पिता रामकिशोर ने बताया- हैलट में होश आने के बाद बेटे ने बताया कि चाकू मारने के दौरान निहारिका से उसका बॉयफ्रेंड फोन पर बात कर रहा था। चीख सुनने के बाद निहारिका ने उसे चाकू मारने की बात बताई। इस पर उसने कहा कि आज इसका काम तमाम कर दो।
पोते ने कही थी ये बात
पिता राम किशोर के मुताबिक, निहारिका का फोन अक्सर बिजी रहता था। मनीष उससे पूछता तो वह कहती कि अपनी मां और बहन से बात कर रही थी। एक दिन फोन पर बात करने के दौरान निहारिका को रियांश ने देख लिया। इसके बाद वह भागता हुआ हमारे पास आया और बोला कि मम्मी अपने बॉयफ्रेंड से बात कर रही है। इसी के बाद से मनीष निहारिका पर कड़ी नजर रखने लगा था।
थाने में भी हुआ था सुलह-समझौता
निहारिका पर मनीष और ससुरालवालों ने सख्ती शुरू की, तो वह दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाने लगी। राम किशोर के मुताबिक, डेढ़ साल पहले निहारिका महिला थाने में दहेज उत्पीड़न की शिकायत लेकर पहुंची थी। वहां उसने बताया कि शादी के 8 साल बाद ससुरालवाले उससे कैश और गाड़ी मांग रहे हैं। मना करने पर अक्सर मारपीट करते हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों के बीच सुलह-समझौता करा दिया था।
थाना प्रभारी अभय प्रताप ने बताया कि मनीष के पिता की शिकायत पर 14 जून को जानलेवा हमले के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। मंगलवार को मनीष की मौत होने पर मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाई गई हैं। हत्यारोपी पत्नी को अरेस्ट कर लिया गया है। ससुर ने बहू पर अपने बॉयफ्रेंड अंग्रेज के कहने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
