क्राइम

आशिक के साथ भाग गई थी पत्नी, वापस आने पर पति ने काट दी नाक, पत्नी ने भी निजी अंग पर किया हमला

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक पति ने अपने पत्नी की जहां नाक काट दी, वहीं पत्नी ने पति के निजी अंग को घायल कर दिया। पत्नी, कुछ समय पहले अपने आशिक के साथ भाग गई थी।

Image

हरदोई में पति ने पत्नी की काटी नाक (प्रतीकात्मक फोटो- Canva)

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंशीगंज मोहल्ले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति पर आरोप लगा है कि उसने अपनी ही पत्नी की नाक काट दी, वहीं पत्नी पर आरोप है कि उसने पति के निजी अंग पर हमला करके उसे घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़िता और उसके ससुराल पक्ष ने एक-दूसरे पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

महिला का आरोप: पति ने चाकू से काटी नाक

पीड़िता साधना (27) का आरोप है कि उसके पति दीपक ने उस पर जानलेवा हमला किया। साधना के मुताबिक, "पति ने पहले उसके सिर पर वार किया और फिर चाकू से उसकी नाक काटकर नाली में फेंक दी। वारदात के दौरान उसकी सास और ससुर ने उसके दोनों हाथ पकड़ रखे थे। घटना के बाद लहूलुहान महिला को तत्काल सांडी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

किसी और के साथ पत्नी गई था भाग

सांडी थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) पुष्पराज के अनुसार, साधना करीब तीन महीने पहले किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई थी। गुरुवार को उसके वापस लौटने पर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस और मारपीट हुई। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान पति ने गुस्से में आकर पत्नी की नाक दांत से काट ली। पुलिस ने आरोपी पति दीपक (जो पेशे से ड्राइवर है) को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की है। साधना और दीपक की शादी 10 साल पहले हुई थी और उनकी तीन छोटी बेटियां (8, 6 और 3 वर्ष) हैं।

'बहु ने पति का निजी अंग काटा, खुद को घायल किया'

दूसरी ओर, ससुराल पक्ष ने महिला के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए उस पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। साधना की सास का दावा है, "बहू ढाई महीने पहले मोहल्ले के ही एक युवक के साथ चली गई थी। पुलिस के सामने हुए समझौते के बाद वह उसी युवक के साथ रहने लगी थी। अचानक लौटकर वह बच्चों को साथ ले जाने की जिद करने लगी, जिस पर विवाद हुआ। बहस के दौरान साधना ने अपने पति के निजी अंग को दांत से काट लिया और फिर खुद ही अपना सिर जमीन पर पटककर घायल हो गई।"

पुलिस जांच जारी

पुलिस का कहना है कि महिला (साधना) की तरफ से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है, जबकि उसकी सास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article