क्राइम

बच्चे को अमरूद तोड़ने से रोका, तो गुस्साई मां ने लाठी से पीट-पीटकर बुजुर्ग को उतारा मौत के घाट

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में अमरूद तोड़ने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पड़ोसी बच्चे को पेड़ से अमरूद तोड़ने से मना करने पर बच्चे की मां ने 70 वर्षीय बुजुर्ग मुखलाल शर्मा पर लाठी से हमला कर दिया।

Image

महराजगंज में खूनी खेल (फोटो: एआई इमेज)

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक हैरान कर देने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां महज अमरूद तोड़ने के छोटे से विवाद ने इतना उग्र रूप ले लिया कि एक महिला ने अपने ही पड़ोसी 70 वर्षीय बुजुर्ग की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में मातम का माहौल है।

यह दर्दनाक वारदात श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के धर्मौली गांव की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 70 वर्षीय मुखलाल शर्मा के रूप में हुई है। रविवार को जब मुखलाल शर्मा अपने घर पर अकेले मौजूद थे, तभी पड़ोस में रहने वाला एक तीन साल का बच्चा उनके घर के सामने लगे पेड़ से अमरूद तोड़ने लगा। वृद्ध मुखलाल शर्मा ने बच्चे को अमरूद तोड़ने से मना किया। इतनी सी बात पर बच्चे की मां और मुखलाल शर्मा के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते मामूली बहस इतनी ज्यादा बढ़ गई कि गुस्से से आगबबूला महिला ने आपा खो दिया और घर से लाठी लाकर बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला के इस अचानक हमले से बुजुर्ग के सिर पर गंभीर और गहरी चोटें आईं, जिससे वे वहीं खून से लथपथ होकर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें तुरंत परतावल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। श्यामदेउरवा थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article