Delhi NCR News: दिल्ली-एनसीआर में सामने आई घरेलू हिंसा की दो दिल दहला देने वाली घटनाओं ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। दोनों ही मामलों में सौतेले पिताओं पर अपने सौतेले बेटों की हत्या का गंभीर आरोप लगा है। ये घटनाएं दिल्ली के शास्त्री पार्क और हरियाणा के फरीदाबाद से जुड़ी हैं। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क क्षेत्र में 12 वर्षीय अल्तमश का शव एक जंगलनुमा इलाके से बरामद किया गया। वह सातवीं कक्षा का छात्र था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सौतेला पिता उसे स्कूल से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और बाद में धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी।
सौतेले पिता की हैवानियत
जांच में सामने आया है कि बच्चे के साथ बेहद क्रूरता की गई। उसकी आंखें निकाल दी गई थीं और एक हाथ टूटा हुआ पाया गया। अल्तमश की मां ने बताया कि आरोपी अक्सर उनके बच्चों को जान से मारने की धमकियां देता था, लेकिन शुरुआत में उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। मां का कहना है कि आरोपी को उसके बच्चों से नफरत थी। उसने अल्तमश को स्कूल से ले जाकर उसकी हत्या की और बाद में वीडियो कॉल के जरिए खुद इस अपराध की जानकारी भी दी।
भाई को इस तरह घटना का पता चला
अल्तमश के भाई अमन को इस संगीन वारदात का पता तब चला, जब आरोपी ने तड़के करीब तीन बजे बच्चे के शव की तस्वीर भेजी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। घटना के बाद से आरोपी फरार है। दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीमों को जांच में लगाया है और आरोपी की तलाश में उसके परिचितों से पूछताछ की जा रही है।
फरीदाबाद में भी सौतेले बाप का कहर
इसी तरह, हरियाणा के फरीदाबाद में भी एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सेक्टर 58 इलाके में पुलिस ने 25 जनवरी को एक व्यक्ति को उसके दो साल के सौतेले बेटे की बेरहमी से हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया। यह बच्चा उसकी पत्नी की पहली शादी से पैदा हुए तीन बच्चों में से एक था। जांच में पता चला कि आरोपी को बच्चा पसंद नहीं था और वह अक्सर मामूली बातों पर उसे पीटता रहता था।
शरीर पर जख्मों के निशान
घटना वाले दिन आरोपी ने बच्चे को इतनी निर्मम तरीके से पीटा कि वह बेहोश हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि बच्चे के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे, जो यह दर्शाते हैं कि उसके साथ लंबे समय तक अत्यधिक क्रूरता से मारपीट की गई थी। इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके इस कृत्य के पीछे के कारणों का पता लगाने में लगी हुई है।
(इनपुट - आईएएनएस)
