Mansa News: पंजाब के मानसा में अज्ञात बच्चे के कत्ल के मामले में पुलिस ने बच्चे की मां को ही गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि बच्चों के मां ही अपने बेटे को कत्ल कर मानसा बस स्टैंड के पास लाश छोड़कर फरार हो गई थी। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
बता दें, बीते दिन 1 अप्रैल को मानसा बस स्टैंड के पास 10 वर्षीय बच्चे की लाश मिलने का मामला सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मानसा एसपी मनमोहन सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद संदीप कौर की पत्नी हरप्रीत सिंह ने बच्चे को पहचानने का दावा किया और उसने बताया कि उसकी भाभी वीरपाल कौर ने ही अपने बेटे का कत्ल किया है। इसके बाद पुलिस वीरपाल कौर तक पहुंची और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
खिलाने के लिए कुछ नहीं था इसलिए मार डाला
पुलिस ने बताया कि मृतक बच्चे की मां वीरपाल ने पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा किया है। महिला ने बताया कि उसने मजबूरी में अपने बेटे का कत्ल किया। बकौल वीरपाल, उसका पति जेल में बंद है और ससुराल पक्ष से उसे कोई मदद नहीं मिल रही थी। यहां तक कि उसके पास बच्चे को खिलाने के लिए भी कुछ नहीं था। भूख के कारण बच्चा रो रहा था, जिसके बाद उसने बच्चे को मार डाला।
घर में ही दफनाई लाश
महिला ने बताया कि उसने अपने बच्चे को दवा देने के बाद घर में दफना दिया। हालांकि, बाद में उसने लाश निकाली और मानसा बस स्टैंड के पास लाश छोड़कर वहां से फरार हो गई। पुलिस का कहना है कि महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्टस में कहा जा रहा है कि पति के जेल जाने के बाद महिला अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ रहना चाहती थी, इसलिए उसने बच्चे को पेन किलर देकर जिंदा दफना दिया।
