अपनी मंगेतर सिया गोयल की हरकतों पर केतन ने यदि संदेह जताया होता तो उसकी जान बच सकती थी लेकिन कथित हत्या से पहले इन संकेतों को वह या तो समझ नहीं पाया या नजरंदाज किया। बीते 18 जून को अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ एक बार फिर वह लोहागढ़ के किले चला गया, जहां किले की ऊंचाई से सिया ने उसे धक्का दे दिया। पीड़ित परिवार का मानना है कि किले से धक्का देने से पहले कम से कम दो घटनाएं ऐसी हुईं जिसके बारे में यदि उनके बेटे ने यदि संदेह या साजिश का एंगल देखा होता तो शायद वह आज जिंदा होता।
4 जून को बाली जाने वाले थे
दरअसल, प्री-वेडिंग शूट के लिए केतन और सिया 4 जून को बाली जाने वाले थे लेकिन केतन का पासपोर्ट चोरी हो गया। चोरी की वजह से अंतिम समय में उन्हें अपनी बाली की ट्रिप रद्द करनी पड़ी। यात्रा से जुड़े सभी दस्तावेज, पैसे, पासपोर्ट एक ही थैले में रखे गए थे। बाकी चीजों को छोड़कर थैले से केवल केतन का पासपोर्ट ही गायब था। रिपोर्टों के मुताबिक प्री-वेडिंग शूट के लिए केतन, सिया सहित चार लोग मुंबई से बाली के लिए रवाना होने वाले थे लेकिन मुंबई एयरपोर्ट पर केतन ने पाया कि उसका पासपोर्ट थैले में नहीं है। इसके बाद उन्हें अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी। पुलिस का कहना है कि सिया ने एक रेस्तरां में केतन का पासपोर्ट फाड़कर उसे फ्लश कर दिया था।
सिया ने 14 जून को भी की थी कथित हत्या की साजिश
सिया का प्लान यदि ठीक से काम किया होता तो वह केतन को 14 जून को ही मार चुकी होती लेकिन उस दिन किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया। केतन के परिवार का कहना है कि सिया 14 जून को भी उनके बेटे को लेकर लोहागढ़ किले गई थी। सिया ने उनके बेटे को बताया था कि यह जगह बहुत अच्छी है। दरअस, केतन को ट्रैकिंग पसंद है, इसलिए वह सिया को मना नहीं कर पाया। रिपोर्टों के मुताबिक केतन के पिता का कहना है कि उस दिन भी सिया ने केतन को धक्का दिया लेकिन खाई में गिरने से उसने किसी तरह अपने को बचा लिया।
'सिया चीखने लगी कि वहां सांप आया था'
केतन को धक्का देने के बाद सिया ने जब देखा कि खाई में गिराने की उसकी कोशिश नाकाम हो गई तो वह चीखने लगी कि वहां एक सांप आया था। इसके बाद उसने केतन को अपनी बाहों में भर लिया। केतन के पिता का कहना है कि सिया की इस हरकत पर उनके बेटे ने कोई संदेह नहीं किया। उसे लगा कि इसमें कुछ गलत नहीं था। पुलिस का कहना है कि चार दिन बाद यानी 18 जून को सिया उसे दोबारा वहीं लेकर गई और इस बार वह केतन को धक्का देकर खाई में गिराने के अपनी साजिश में सफल हो गई।
29 जून तक पुलिस हिरासत में भेजा
पुलिस ने बताया कि मामले में केतन की मंगेतर और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को मंगलवार को पुणे जिले के मावल तहसील की एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने बताया कि इससे पहले यह माना जा रहा था कि केतन, जिनकी बाद में चोटों के कारण मौत हो गई थी, तस्वीर खींचने के दौरान दुर्घटनावश खाई में गिर गए थे। पुलिस ने बताया कि केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल का जन्मदिन मनाने के लिए 18 जून को लोहगढ़ ट्रेकिंग पर गए थे। दोनों की शादी नवंबर में होने वाली थी।
17 करोड़ रुपये में एक महल बुक किया था
खबरों के मुताबिक, दोनों परिवारों ने शादी के लिए राजस्थान में 17 करोड़ रुपये में एक महल बुक किया था और मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए दो निजी विमानों की व्यवस्था की गई थी। सिया ने शुरुआत में पुलिस को बताया कि तस्वीर खिंचवाते समय केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गया। तीन घंटे चले बचाव अभियान के बाद बचाव दल ने केतन का शव बाहर निकाला। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सिया और उसके प्रेमी चेतन बाबूलाल चौधरी ने केतन को धक्का देकर उसकी कथित हत्या कर दी और इसे एक हादसे के रूप में दिखाने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि शुरू में इसे दुर्घटना का मामला माना जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान कथित हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने बताया कि पुणे जिले के गहुंजे निवासी और परिवार के रियल एस्टेट कारोबार के निदेशक केतन किले पर तेज हवाओं के बीच फोटो खींचते समय लगभग 400 फीट गहरी खाई में गिर गए।
चेतन के साथ प्रेम संबंध में थी सिया
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि मौत की परिस्थितियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। उन्होंने कहा, "हमारी टीम ने वित्तीय विवादों और व्यक्तिगत संबंधों समेत विभिन्न पहलुओं की जांच की। इसी दौरान पता चला कि सिया का पुणे के कोंढवा निवासी चेतन (22) के साथ प्रेम संबंध था।" पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे अपने तथा चेतन के रिश्ते में बाधा मानती थी। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
(एजेंसी इनपुट)
