क्राइम

लापता पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रशांत सिन्हा की मिली सड़ी-गली लाश, गर्लफ्रेंड ने दोस्त के साथ मिलकर की हत्या

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 31, 2024, 12:50 PM IST

Para Badminton Player Prashant Sinha Murder: काजल ने पुलिस को बताया कि 2019 में उसकी दोस्ती प्रशांत से हुई थी। प्रशांत दिव्यांग थे, लेकिन उनके पास अच्छा-खासा पैसा था। काजल के मुताबिक पैसा देखकर उसने प्रशांत से दोस्ती बढ़ाई, लेकिन वह उससे प्यार करने लगे और उससे शादी करना चाहते थे।

Image

पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी की सड़ी-गली लाश बरामद

Photo : iStock

Para Badminton Player Prashant Sinha Murder: जमशेदपुर निवासी इंटरनेशनल पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी 38 वर्षीय प्रशांत कुमार सिन्हा की सड़ी-गली लाश बरामद हुई है। वह करीब 19 दिन से लापता चल रहे थे। जानकारी के मुताबिक, हजारीबाग में उनकी गर्लफ्रेंड काजल सिन्हा ने अपने नए प्रेमी रौनक कुमार के साथ मिलकर बैडमिंटन खिलाड़ी की हत्या कर दी। शनिवार को पुलिस ने काजल की निशानदेही पर लाश बरामद की है।

पुलिस ने बताया कि प्रशांत कुमार सिन्हा की हत्या के बाद काजल और उसके दोस्त ने लाश को एक बोरी में बंद कर शहर से तीन किमी दूर छड़वा डैम में एक पुल के नीचे फेंक दी थी। पुलिस ने बताया, हत्या के आरोप में काजल और उसके प्रेमी रौनक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

11 मार्च से थे लापता

पुलिस ने मुताबिक, प्रशांत 11 मार्च से जमशेदपुर के बिरसानगर स्थित अपने घर से लापता थे। उनके परिजनों ने 13 मार्च को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में लिखाई थी। बाद में उन्होंने 22 मार्च को प्रशांत के अपहरण की आशंका जताते हुए एफआईआर दर्ज कराई और हजारीबाग की काजल सिन्हा पर संदेह जताया। इसके बाद जमशेदपुर और हजारीबाग की पुलिस ने शनिवार शाम काजल सिन्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो मामले का खुलासा हुआ।

पैसों के कारण हुई हत्या

काजल ने पुलिस को बताया कि 2019 में उसकी दोस्ती प्रशांत से हुई थी। प्रशांत दिव्यांग थे, लेकिन उनके पास अच्छा-खासा पैसा था। काजल के मुताबिक पैसा देखकर उसने प्रशांत से दोस्ती बढ़ाई, लेकिन वह उससे प्यार करने लगे और उससे शादी करना चाहते थे। काजल उनसे अलग होना चाहती थी और पिछले कुछ समय से वह हजारीबाग के पेगौडा चौक निवासी रौनक से प्रेम करने लगी थी। काजल ने बताया कि प्रशांत के पास उनकी कई अंतरंग तस्वीरें थीं। रिश्ता आगे नहीं बढ़ाने पर वह इन्हें वायरल करने की धमकी दे रहे थे। इसी वजह से उसने बहाने से प्रशांत को हजारीबाग बुलाया और अपने नए प्रेमी रौनक के साथ मिल गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।

भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं प्रशांत

प्रशांत कुमार सिन्हा ने इंटरनेशनल पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। वर्ष 2023 में उन्होंने थाईलैंड में आयोजित इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भी देश की ओर से भाग लिया था। वह सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित थे, लेकिन उनकी पहचान बैडमिंटन के एक शानदार खिलाड़ी के रूप में थी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article