क्राइम

इश्क, जुनून और खौफनाक अंजाम! नासिक के पीजी में बहा युवती का खून, कुछ घंटों बाद पेड़ से लटका मिला पुराना आशिक

महाराष्ट्र के नासिक में एक युवती की हत्या और कुछ घंटों बाद संदिग्ध युवक का पेड़ से लटका शव मिलने से सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में प्रेम संबंध और शादी को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच करते हुए कॉल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है।

Image

नासिक में मची सनसनी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Nashik News: महाराष्ट्र के नासिक शहर के इंदिरानगर इलाके में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां पीजी में रह रही वैष्णवी अवारे नाम की युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के कुछ घंटों बाद संदिग्ध साहिल लावारे का शव इंदिरानगर जॉगिंग ट्रैक क्षेत्र में एक पेड़ से लटका मिला। इस दोहरी घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की जांच इंदिरानगर पुलिस कर रही है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, वैष्णवी की पहचान शिकायतकर्ता की बहन के माध्यम से हुई थी। बताया गया कि शिकायतकर्ता की बहन की वैष्णवी से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। इसके बाद वैष्णवी कुछ दिनों तक शिकायतकर्ता के घर भी रही, जहां दोनों परिवारों के बीच अच्छी जान-पहचान हो गई। इसी दौरान वैष्णवी की शादी शिकायतकर्ता से कराने की चर्चा शुरू हुई। शिकायत में कहा गया है कि वैष्णवी ने पहले ही बता दिया था कि उसका साहिल लावारे नाम के युवक के साथ प्रेम संबंध रह चुका है। इसके बावजूद दोनों ने आपसी सहमति से शादी करने का फैसला किया। आरोप है कि जब साहिल को इस रिश्ते की जानकारी मिली तो उसने वैष्णवी को लगातार फोन कर परेशान करना शुरू कर दिया।

"वैशुला को आज मार दिया गया"

शिकायतकर्ता के मुताबिक, 17 जुलाई की रात करीब 9 बजे साहिल ने उसे फोन कर वैष्णवी को अपने पास वापस भेजने की बात कही। इसके बाद शिकायतकर्ता ने वैष्णवी से संपर्क कर उसे साहिल से दूरी बनाए रखने की सलाह दी। हालांकि, आरोप है कि साहिल लगातार उसे परेशान करता रहा। शिकायत में यह भी जिक्र किया गया है कि घटना वाली रात वैष्णवी ने शिकायतकर्ता को फोन कर बताया कि साहिल उसके पीजी पहुंच गया है। दोनों के बीच करीब 22 मिनट तक फोन कॉल चालू रही। शिकायतकर्ता का दावा है कि कॉल के दौरान उसने दोनों के बीच तीखी बहस और झगड़े की आवाजें सुनीं। इसके बाद अचानक एक आवाज सुनाई दी कि "वैशुला को आज मार दिया गया", जिसके तुरंत बाद कॉल कट गई।

पेड़ से लटका मिला साहिल लावारे

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस इंदिरानगर स्थित वंशमपदा कॉलोनी पहुंची, जहां वैष्णवी अपने पीजी में खून से लथपथ हालत में मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इसी घटना के कुछ घंटे बाद साहिल लावारे का शव इंदिरानगर जॉगिंग ट्रैक इलाके में एक पेड़ से लटका हुआ मिला। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल इंदिरानगर पुलिस हत्या और संदिग्ध की मौत के बीच संबंधों की गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article