क्राइम

स्टेज पर दुल्हन को गोली मारी थी, एकतरफा प्रेम में हैवान बना था आशिक; गिरफ्तार

आरोपी दीनबंधु चौधरी को समाहरणालय बक्सर के पास से गिरफ्तार किया गया। जब पूछताछ की गई तो गिरफ्तार आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी दुल्हन का पड़ोसी था।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

बक्सर : बिहार के बक्सर जिले के चौसा में जयमाला के दौरान दुल्हन को गोली मारने वाले आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान दीनबंधु के रूप में की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि यह घटना 24 फरवरी की रात की है जब एक शादी समारोह के दौरान जयमाला की रस्म चल रही थी, तभी अचानक दुल्हन को गोली मारी गई।

बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद ही मामले की जांच के लिए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम के द्वारा तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी की गई।

छापेमारी के क्रम में घटना में संलिप्त आरोपी दीनबंधु चौधरी को समाहरणालय बक्सर के पास से गिरफ्तार किया गया। जब पूछताछ की गई तो गिरफ्तार आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी दुल्हन का पड़ोसी था। उसके द्वारा बताया गया कि एकतरफा प्रेम-प्रसंग को लेकर उसने युवती को गोली मारी है।

बक्सर एसपी शुभम आर्य ने आगे बताया कि आरोपी ने हथियार पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से खरीदा था, जिसे बरामद कर लिया गया है। उसने जयमाला का दिन और समय पहले से तय कर रखा था। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि पिस्टल से सिर्फ एक ही गोली चली, बाकी गोलियां नहीं चलीं, जिससे घबराकर आरोपी मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि दीनबंधु पहले भी शराब तस्करी के एक मामले का आरोपी है।

बता दें कि 24 फरवरी की रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चौसा में एक विवाह समारोह में जयमाला कार्यक्रम के दौरान एक युवक द्वारा दुल्हन को गोली मारकर घायल कर दिया गया था। घटना के तुरंत बाद परिजनों एवं स्थानीय लोगों द्वारा घायल दुल्हन को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी सदर अस्पताल बक्सर ले जाया गया, चिकित्सकों के द्वारा बेहतर इलाज के लिए उसे वाराणसी रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article