Richa Chadha Post: मुंबई में बढ़ते प्रदूषण और खराब होती हवा-पानी की हालत को लेकर एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा (RichaChadha) ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर शहर के लोगों से अपनी आवाज उठाने की अपील करते हुए सरकार और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े किए। ऋचा ने कहा कि मुंबई जैसे बड़े शहर में लोगों को साफ हवा और पीने का साफ पानी मिलना चाहिए, लेकिन प्रदूषण की समस्या लगातार चिंता बढ़ा रही है। उनके इस बयान पर शिवसेना के प्रवक्ता आनंद दुबे ने प्रतिक्रिया दी है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Udta Teer Box office: पहले दिन ही फुस्स हो गई आयुष्मान-सारा की मूवी)
ऋचा चड्ढा ने कही ये बात
ऋचा चड्ढा ने मुंबई के लोगों को संबोधित करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा, 'मुंबई के लोगों, आखिर आप किस बात से डर रहे हैं? आपके पीने के पानी में गंदगी है और हवा में जहर घुला हुआ है। जहर जिंदगी छीनता है, इससे बुरा क्या हो सकता है?” उन्होंने बीएमसी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि दुनिया की सबसे अमीर नगरपालिकाओं में शामिल बीएमसी को आखिर कैसे लगता है कि वह लोगों को ऐसी स्थिति में छोड़कर बच सकती है। एक्ट्रेस ने यह भी सवाल किया कि मुंबई में हवा को साफ करने के लिए सरकार की क्या योजना है। उन्होंने कहा कि शहर पहले से ही खराब सड़कों की समस्या से जूझ रहा है और अब लोगों को खराब हवा और पानी का भी सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने टैक्स देने के बावजूद ऐसी हालत में रहने पर सवाल उठाए। ऋचा ने करीब 7,500 पेड़ों को काटे जाने की बात का जिक्र करते हुए लोगों से पर्यावरण के मुद्दे पर अपनी आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के लिए केवल कुछ पर्यावरण कार्यकर्ताओं को ही क्यों लड़ना पड़े और युवा ही हर बार आगे क्यों आएं?
ऋचा की इस पोस्ट पर शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि ऋचा चड्ढा एक अभिनेत्री हैं और वे उनके अभिनय के साथ-साथ उनके विचारों का भी सम्मान करते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण एक बड़ी समस्या है और इसे नियंत्रित करने के लिए सरकार काम कर रही है। दुबे के मुताबिक, इस मुद्दे पर चिंता जताना सही है, लेकिन इस तरह सरकार को निशाना बनाना ठीक नहीं है।
