शहर

Agra News: लापता किशोर का नाले में मिला शव, परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप; चौकी पर भारी हंगामा

Agra News: आगरा के धनौली में पुलिस बूथ से 30 मीटर दूर नाले में 17 वर्षीय शिवम का शव मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने पुलिस पर दौड़ाने, रिश्वतखोरी और हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने आरोपों को निराधार बताते हुए डूबने से मौत की बात कही है।

Image

14 सितंबर से लापता था शिवम

Photo : Times Now Digital

Agra News: आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र स्थित धनौली पुलिस चौकी के पास नाले में 17 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। किशोर की पहचान शिवम के तौर पर हुई, जो 14 सितंबर की शाम से लापता था। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस बूथ पर करीब चार घंटे तक जमकर हंगामा किया और सड़क जाम करने का प्रयास किया। मृतक के पिता ने पुलिसकर्मियों पर अपने बेटे को खदेड़ने और उसकी मौत के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है, जबकि पुलिस ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए मौत का कारण डूबना बताया है।

बर्थडे पार्टी के दौरान पुलिस की कार्रवाई से मची थी भगदड़

थाना सदर क्षेत्र के नगला प्यारे निवासी प्रेमपाल का पुत्र 17 वर्षीय शिवम सविता 14 सितंबर, सोमवार की शाम अपने साथी वरुण कुशवाहा का जन्मदिन मनाने सिरौली मार्ग पर गया था। शाम करीब 8 बजे युवक मार्ग किनारे केक काट रहे थे। परिजनों का आरोप है कि तभी पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को खदेड़ना शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके से बाइक और ऑटो सहित आधा दर्जन से अधिक किशोरों को पकड़कर धनौली पुलिस बूथ पहुंचाया। जब अन्य साथी उन्हें छुड़ाने बूथ पहुंचे, तो आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने डंडे उठा लिए, जिससे भगदड़ मच गई। एक किशोर ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी मौजूदगी में पैसे लेकर कुछ युवकों को छोड़ा।

नाले में मिला शव, पिता ने लगाया हत्या का शक

शिवम के पिता प्रेमपाल का आरोप है कि पुलिस की धरपकड़ और डर के कारण उनका बेटा नाले में गिर गया। आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे बाहर निकालने का कोई प्रयास नहीं किया। दो दिन तक सुराग न मिलने पर परिजनों ने थाना सदर में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। बुधवार सुबह करीब 9 बजे धनौली पुलिस बूथ से महज 30 मीटर दूर नाले में शिवम का शव तैरता हुआ मिला। परिजनों ने शव देखने के बाद दावा किया कि शिवम के सिर पर चोट के निशान हैं, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं।

परिजनों की मांग- निष्पक्ष जांच हो

घटना के बाद भड़के ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों ने मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही थाने में पैसे लेकर छोड़ने के आरोपों की स्वतंत्र जांच हो।

पुलिस का पक्ष ने कहा सभी आरोप निराधार, अफवाहों से दूर रहें

मामले में पुलिस प्रशासन ने परिजनों के आरोपों को पूरी तरह सिरे से खारिज कर दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार

प्राथमिक जांच और परिस्थितियों के अनुसार किशोर की मौत पानी में डूबने के कारण हुई है। पुलिस ने आम जनता और मीडिया से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल तथ्यात्मक जानकारी ही साझा करें। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article