चंडीगढ़: पंजाब के खन्ना में एक पिता ने मानवता को शर्मसार कर दिया। उसे अपनी दो नाबालिग बेटियों के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
हैरान कर देने वाली घटना तब सामने आई जब एक पड़ोसी ने आरोपी शख्स को अपनी ही 15 साल की बेटी के साथ दुष्कर्म (Rape) करते देखा। बाद में महिला ने लड़की से संपर्क किया और अकेले में बात की। बच्ची ने पूरी बातें बताई और पुष्टि की कि उसके बाप ने उसके साथ बार-बार छेड़छाड़ की।
हिंदुस्तान टाइम्स ने एक रिपोर्ट के मुताबिक जल्द ही महिला ने पुलिस में बच्ची के पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि उस शख्स ने अपनी 10 साल की छोटी बेटी का भी यौन शोषण किया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खन्ना के फेज 2 में फैक्ट्री रोड पर किराए के मकान में पिछले दो महीने में बड़ी बच्ची के साथ कई बार दुष्कर्म किया।
एचटी रिपोर्ट के मुताबिक बच्ची की मां को पुलिस ने दो महीने पहले चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया था। वह वर्तमान में जेल में बंद है। न्यूज पेपर ने शिकायतकर्ता के हवाले बताया कि 4 सितंबर को अपनी छत पर टहलने के दौरान मैंने उसे अपनी बड़ी बेटी के साथ बलात्कार करते देखा। यहां तक कि वह दर्द में रो रही थी और इसका विरोध कर रही थी। लड़की घबरा गई और उसने मुझे बताया कि उसके पिता ने उसके साथ कई बार बलात्कार किया है। आरोपी व्यक्ति पर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
इससे पहले अगस्त में, अंबाला छावनी पुलिस ने एक व्यक्ति पर अपनी नाबालिग बेटी से 7 साल तक बलात्कार करने का मामला दर्ज किया था। लड़की ने पुलिस को बताया कि जब वह तीसरी क्लास की छात्रा थी तब से उसका पिता उसके साथ दुर्व्यवहार करने लगा। न्यूज रिपोर्टों में कहा गया कि अगर उसने कभी किसी को इस मामले के बारे में बताया तो उसे परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। बाद में उसके पिता को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
