क्राइम

ट्रिपल मर्डर से दहला देहरादून, बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की पेचकस मारकर हत्या, भागते आरोपी को पड़ोसियों ने दबोचा

Dehradun Triple Murder: देहरादून के रायपुर में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े लूट के विरोध पर बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि घर में घुसे बदमाश ने चेन लूटने के बाद पेचकस से तीनों पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई।

Image

देहरादून में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर से सनसनी (प्रतीकात्मक फोटो)

Dehradun Triple Murder: देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक घर में घुसे आरोपी ने कथित तौर पर लूट का विरोध करने पर बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी पर पेचकस से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौत हो गई।

घटना के बाद फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के मुताबिक, विष्णु लोक कॉलोनी के मकान नंबर 16 में दोपहर करीब तीन बजे यह वारदात हुई। उस समय 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 साल की घरेलू सहायिका शीला घर में मौजूद थीं। आरोप है कि घर में दाखिल होने के बाद आरोपी ने रजनी कपूर के गले से चेन छीन ली। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने पेचकस से उन पर कई वार कर दिए। रमेश कपूर ऑर्डिनेंस फैक्टरी से रिटायर्ड बताए जा रहे हैं।

पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़ा

रजनी की चीख सुनकर शीला उनकी मदद के लिए पहुंची, लेकिन आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद उसने रमेश कपूर को भी निशाना बनाया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसी बीच घर से आ रही चीख-पुकार और शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। भारती भंडारी समेत आसपास के लोगों को देखकर आरोपी वहां से भागने लगा। उसने पेचकस दिखाकर लोगों को डराने की कोशिश भी की, लेकिन पड़ोसियों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पूरे मामले की जांच जारी

घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई थी, लेकिन करीब 10 मिनट तक इंतजार के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद पड़ोसी अपने निजी वाहनों से तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर वारदात को लूट से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस हत्या के पीछे किसी अन्य वजह की भी जांच कर रही है। एसएसपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

Abhishek Sinha
अभिषेक सिन्हाauthor

पत्रकारिता में 23वर्षों का अनुभव पिछले 19 वर्षों से उत्तराखंड की छोटी से लेकर बड़ी ख़बरों को करने में अहम योगदान एवं सबसे आगे, दिल्ली एनसीआर में जैन टीवी और BAG फिल्म्स के साथ उत्तराखण्ड में आजतक टीवी9,live india, और समाचार प्लस के लिए इनवेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म के तहत कई बड़ी ख़बरों को जनता के सामने बड़ी निर्भीकतापूर्वक और ईमानदारी के साथ पेश किया और कई प्रतिष्ठित संस्थानों में अहम भूमिका के साथ जन सरोकार की ख़बरों में प्रमुखता से सबसे आगे और सटीक जानकारी के साथ ख़बरों को जनता के सामने परोसने का जस्बा और हिम्मत भरा लंबा सफ़र.

और पढ़ें
End of Article