Chittorgarh Double Murder: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में पारिवारिक विवाद ने सोमवार रात एक दर्दनाक दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया। गंगरार थाना क्षेत्र के सुवानिया गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पहली पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद महिला के बेटे ने गुस्से में अपने पिता पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। घटना में एक अन्य महिला घायल हुई है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
तीन शादियां की थीं भगवाना ने
पुलिस उपाधीक्षक उदय सिंह के अनुसार, मृतक की पहचान 55 वर्षीय भगवाना कालबेलिया के रूप में हुई है। बताया गया है कि उसने तीन शादियां की थीं और फिलहाल सुवानिया गांव में तारा नाम की महिला के साथ रह रहा था। सोमवार रात वह खेत में कुछ परिचितों के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान उसकी पहली पत्नी 50 वर्षीय भोमली अपने बेटे अनिल के साथ वहां पहुंची।
गोली लगने से पहली पत्नी की मौत
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भोमली और अनिल ने भगवाना से अपने पैतृक गांव वापस लौटने की बात कही। इसी मुद्दे को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान भगवाना ने अपने पास मौजूद बंदूक से गोली चला दी। गोली लगने से भोमली की मौके पर ही मौत हो गई।
बेटे ने बाप को उतारा मौत के घाट
मां की हत्या से आक्रोशित अनिल ने कथित तौर पर अपने पिता पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल भगवाना ने भी मौके पर दम तोड़ दिया। बीच-बचाव करने पहुंची तारा पर भी हमला हुआ, जिससे वह घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने अनिल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
