Muzzafarpur News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब माफियाओं और असामाजिक तत्वों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपनपट्टी चौक से सामने आया है, जहां शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर स्थानीय लोगों और असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान भीड़ ने न केवल पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की की, बल्कि हिरासत में लिए गए एक आरोपी को भी छुड़ा लिया।
होम डिलीवरी की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
घटना 31 अगस्त की बताई जा रही है। उत्पाद विभाग में कार्यरत एएसआई (ASI) उपेंद्र मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सकरा थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध शराब की बिक्री और बाइक के जरिए होम डिलीवरी की जा रही है। सूचना के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने रूपनपट्टी चौक पर तत्काल छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने विशनपुर बघनगरी निवासी पंकज कुमार ठाकुर को रंगे हाथों हिरासत में ले लिया। पंकज पर बाइक से घूम-घूमकर शराब सप्लाई करने का गंभीर आरोप है।
पुलिस वाले का मार्केट
आरोपी पंकज ठाकुर को हिरासत में लेते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। जिस मार्केट परिसर में यह कार्रवाई चल रही थी, वह सकरा के रूपनपट्टी के एक शख्स का बताया जा रहा है। जिसका मार्केट है, वो भी पुलिस में हैं, आरोप है कि मौके पर मौजूद उसी शख्स के उकसाने पर अचानक 15 से 20 स्थानीय लोग और असामाजिक तत्व इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते उग्र भीड़ ने उत्पाद विभाग की टीम को चारों तरफ से घेर लिया।
धक्का-मुक्की और गाड़ी में तोड़फोड़ की कोशिश
उग्र भीड़ ने उत्पाद विभाग के पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इतना ही नहीं, असामाजिक तत्वों ने सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। इसी खींचतान और अफरातफरी का सीधा फायदा उठाकर भीड़ में शामिल तत्वों ने पकड़े गए मुख्य आरोपी पंकज ठाकुर को पुलिस की कस्टडी से जबरन छुड़ा लिया और फरार कर दिया।
घटना के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने किसी तरह अपनी जान बचाई और तुरंत स्थानीय सकरा थाने को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी हमलावर और आरोपी घटनास्थल से फरार हो चुके थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी भी की, हालांकि वहां से कोई बरामदगी नहीं हो सकी।
5 नामजद समेत कई अज्ञात पर एफआईआर दर्ज
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी (पूर्वी-2) मनोज कुमार सिंह ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम चिकनौटा चेक पोस्ट के समीप अवैध शराब बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करने गई थी। आरोपी को पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ ने पुलिस कार्य में बाधा डालते हुए आरोपी को छुड़ा लिया।
उत्पाद विभाग के एएसआई उपेंद्र मंडल के लिखित आवेदन के आधार पर सकरा थाने में 5 नामजद और 3-4 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी में जुटी हुई है।
