बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए शुक्रवार को होने वाले चुनाव में 5.32 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की इन सीटों पर कुल 150 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी।जिन आठ सीटों पर चुनाव होना है, उनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, इन आठ निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 5,32,847 मतदाता हैं। इनमें 3,86,199 पुरुष, 1,46,611 महिलाएं और 37 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 4,92,594 मतदाता
चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 4,92,594 मतदाता हैं। इनमें 3,55,522 पुरुष, 1,37,038 महिलाएं और 34 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में तिरहुत में सर्वाधिक 1,43,988 मतदाता हैं। इसके बाद कोसी में 1,34,072, दरभंगा में 1,26,951 और पटना में 87,583 मतदाता हैं। वहीं, चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 40,253 मतदाता हैं। इनमें 30,677 पुरुष, 9,573 महिलाएं और तृतीय लिंग के तीन मतदाता शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना में सर्वाधिक 11,719 मतदाता हैं। इसके बाद सारण में 10,748, दरभंगा में 9,026 और तिरहुत में 8,760 मतदाता हैं।
मौजूदा विधान पार्षदों का कार्यकाल 16 नवंबर, 2026 को समाप्त हो रहा है
इन आठ सीटों पर मौजूदा विधान पार्षदों का कार्यकाल 16 नवंबर, 2026 को समाप्त हो रहा है। इनमें पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंशीधर ब्रजवासी, कोसी स्नातक से एनके यादव, पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक से अफाक अहमद शामिल हैं। चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि जनता दल (यूनाइटेड) शेष चार सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। भाजपा ने पटना शिक्षक सीट से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक सीट से डॉ. एनके यादव और तिरहुत स्नातक सीट से सर्वेश कुमार को फिर से उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा पार्टी ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र कुमार सिंह को टिकट दिया है। इस सीट पर फिलहाल विपक्षी ’इंडिया’ गठबंधन में शामिल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के संजय कुमार सिंह विधान पार्षद हैं।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: पीलीभीत में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पर चुनाव आयोग सख्त, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
जन सुराज पार्टी सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ रही है
प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी (JSP) सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने पटना स्नातक सीट से अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से विमोहन कुमार, तिरहुत शिक्षक से श्याम नंदन यादव और सारण शिक्षक सीट से अफाक अहमद को उम्मीदवार बनाया है। अफाक अहमद इस सीट से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं।जन सुराज ने पटना शिक्षक सीट से अधिवक्ता एवं शिक्षाविद् से नेता बने दिव्य ज्योति, दरभंगा शिक्षक सीट से एसपी राय, दरभंगा स्नातक सीट से मोहम्मद इम्तियाज (नूरानी) और कोसी स्नातक सीट से रजनीश रंजन को भी उम्मीदवार बनाया है।स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के लिए किसी मान्यता प्राप्त भारतीय विश्वविद्यालय से कम से कम तीन वर्ष पहले स्नातक की डिग्री प्राप्त करना और संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का निवासी होना आवश्यक है। इसके अलावा मतदाता का नाम इस उद्देश्य से तैयार की गई मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में राज्य के ऐसे शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत शिक्षक मतदान कर सकते हैं, जो माध्यमिक विद्यालय या उससे उच्च स्तर के हों। इनमें उच्च विद्यालय, महाविद्यालय और विश्वविद्यालय शामिल हैं। इसके लिए कम से कम तीन वर्ष का शिक्षण अनुभव होना आवश्यक है।पात्र शिक्षकों को भी संबंधित शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की अलग मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना होता है।
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनावों में महायुति व एमवीए आमने-सामने
महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के लिये शुक्रवार को होने वाले चुनावों में सत्ताधारी महायुति और विपक्षी महा विकास अघाडी अपनी ताकत आजमाने के लिए तैयार हैं। इन सीटों पर कुल 182 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य की 78 सदस्यीय विधान परिषद में पांच सीटों-तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों-के लिए द्विवार्षिक चुनाव होने हैं। ये निर्वाचन क्षेत्र हैं: पुणे संभाग स्नातक, नागपुर संभाग स्नातक, पुणे संभाग शिक्षक, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र।
पांच निवर्तमान सदस्यों का कार्यकाल छह दिसंबर को समाप्त हो रहा है
शुक्रवार को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।संबंधित भौगोलिक क्षेत्रों में रहने वाले पंजीकृत स्नातक और शिक्षक इन चुनावों में मतदान करने के पात्र हैं। पांच निवर्तमान सदस्य, जिनका कार्यकाल छह दिसंबर को समाप्त हो रहा है, वे हैं सतीश चव्हाण (छत्रपति संभाजीनगर स्नातक), अरुण लाड (पुणे स्नातक), अभिजीत वंजारी (नागपुर स्नातक), किरण सरनाईक (अमरावती शिक्षक) और जयंत असगांवकर (पुणे शिक्षक)।महायुति - जिसमें भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राकांपा शामिल हैं - और विपक्षी महा विकास अघाडी (एमवीए) गठबंधन - जिसमें कांग्रेस, शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) शामिल हैं - सभी पांच सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं।
भाजपा ने नागपुर स्नातक, पुणे स्नातक और पुणे शिक्षक सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे
भाजपा ने नागपुर स्नातक, पुणे स्नातक और पुणे शिक्षक सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं जबकि राकांपा छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट से और शिवसेना अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही है।एमवीए खेमे में, कांग्रेस नागपुर स्नातक और पुणे शिक्षक निर्वाचन सीटों पर चुनाव लड़ रही है; राकांपा (शप) ने पुणे और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि शिवसेना (उबाठा) अमरावती शिक्षक निर्वाचन सीट के लिए मैदान में है। कुल 10,68,072 मतदाता 2,419 मतदान केंद्रों पर अपना वोट डालने के पात्र हैं।
