शहर

सहारनपुर PNB की करेंसी चेस्ट में मिले थे 17.29 करोड़ के नकली नोट, NIA ने दो आरोपियों को दबोचा

त्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की करेंसी चेस्ट में 17.29 करोड़ रुपये के नकली भारतीय नोट मिलने के मामले में दो मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

दिल्ली : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की करेंसी चेस्ट में 17.29 करोड़ रुपये के नकली भारतीय नोट मिलने के मामले में दो मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार और हरीश रौंता के रूप में हुई है। NIA ने अजय कुमार को 16 अक्टूबर को हरियाणा के अंबाला से गिरफ्तार किया, जबकि हरीश रौंता को 22 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश के मनाली से पकड़ा गया। जांच एजेंसी के मुताबिक, दोनों पर बड़ी मात्रा में नकली भारतीय करेंसी छापने और उसकी सप्लाई करने की साजिश में शामिल होने का आरोप है। इन नोटों को अन्य आरोपियों के जरिए सहारनपुर स्थित PNB की करेंसी चेस्ट तक पहुंचाया गया था।

NIA के मुताबिक, दोनों गिरफ्तार आरोपी इस मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके आदेश चौधरी और अन्य आरोपियों के करीबी सहयोगी हैं। यह मामला सहारनपुर के सिविल लाइंस स्थित पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में नकली नोट पहुंचाने से जुड़ा है।

29 अगस्त को सामने आया था 17.29 करोड़ के नकली नोटों का मामला

29 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सदर बाजार थाने को सूचना मिली थी कि पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये अंकित मूल्य के नकली भारतीय नोट बरामद हुए हैं। मामले की शुरुआती जांच के दौरान बैंक के तीन कर्मचारियों की भूमिका भी सामने आई थी। इसके बाद बैंक ने तीनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया था।

इस मामले में 29 अगस्त को सहारनपुर के सदर बाजार थाने में FIR नंबर 0431/2026 दर्ज की गई थी। शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 178 के तहत तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। बाद में 3 सितंबर 2026 को NIA ने इस मामले को अपने हाथ में लेकर दोबारा केस दर्ज किया।

पहले पांच आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी

इस मामले में NIA इससे पहले भी कई गिरफ्तारियां कर चुकी है। जांच एजेंसी ने 7, 15, 20 और 22 सितंबर 2026 को अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अमित कुमार, आदेश चौधरी, मुकेश कुमार, राजेंद्र और नीतू को गिरफ्तार किया था। अब अजय कुमार और हरीश रौंता की गिरफ्तारी के बाद एजेंसी नकली नोटों की छपाई, उनकी सप्लाई और बैंक की करेंसी चेस्ट तक उन्हें पहुंचाने की पूरी साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

बाकी आरोपियों की तलाश जारी

NIA के मुताबिक, मामले की जांच अभी जारी है। एजेंसी पूरे नेटवर्क का खुलासा करने, साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान करने और फरार सह-आरोपियों तथा संदिग्धों को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article