क्राइम

प्यार, धोखा, ब्लैकमेल...उसके बाद लड़की को मिली सिर्फ तीन गोली, जिसके नाम का लगाना चाहती थी सिंदूर, वही निकला कातिल

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 30, 2022, 05:51 PM IST

मृतक लड़की यूपी की रहने वाली थी और सोशल मीडिया पर डांस के वीडियो के लिए फेमस थी। मर्डर करने के बाद कातिल ने लाश को इस तरह से कर दिया था, जिससे ऐसा लगे कि रेप के बाद मर्डर किया गया है। पुलिस कातिल के जाल में फंस भी गई थी, लेकिन अब कातिल को पकड़ लिया गया है।

Image

प्रतीकात्मक फोटो (pixabay)

बिहार (Bihar) के भोजपुर जिले में मर्डर का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जो लड़की अपने प्रेमी के साथ महीनों से रह रही थी, उसी ने उसे मौत के घाट उतार दिया। साजिश ऐसी रची कि पुलिस भी कुछ समय के लिए उसके चक्रव्यूह में फंस गई।

क्या है मामला

लड़की यूपी के बलिया की रहने वाली थी। यूट्यूब पर वीडियो बनाकर डालती थी, एक बर्थडे पार्टी में आरोपी लड़के से मुलाकात हुई। वहीं पर नंबर का आदान-प्रदान हुआ। बातचीत शुरू हुई, दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया। दोनों लिव इन में रहने लगे। लोगों को बताया कि शादी हो गई है। कुछ दिनों तक साथ में रहने के बाद लड़की शादी के लिए दवाब बनाने लगी। लड़का तैयार नहीं हुआ। लड़की पुलिस के पास पहुंच गई, शिकायत दी गई और फिर पैसे लेकर समझौता कर ली।

फिर से शुरू हुई प्रेम कहानी

आरोपी लड़के ने बताया कि इसके बाद दोनों के बीच कुछ दिनों तक संपर्क नहीं रहा। फिर एक दिन लड़की उसके पास आ गई और रूम में बंद होकर जहर खाने की धमकी देने लगी। लड़के ने किसी तरह से समझा बुझाकर उसे शांत कराया और फिर दोनों आरा आ गए। वहां किराये पर मकान लिया और पति-पत्नी बनकर रहने लगे।

यहां से बिगड़ी कहानी

लड़की यहां रहते हुए डांस शो भी करने लगी। जो लड़के को पसंद नहीं था, कई बार उसने मना किया, लेकिन लड़की नहीं मानी। एक तरफ वो डांसर का काम रही थी, तो दूसरी तरफ लड़के पर दवाब बना रही थी कि वो अपने माता-पिता पर केस करके संपत्ति में हिस्सा ले। फिर उसे बेचकर कहीं और सेटल होने की जिद लड़की कर रही थी। लड़के को ब्लैकमेल भी किया जाने लगा। आरोपी की मानें तो वो इसी सब से तंग आ चुका था।

फिर बना दिया प्लान

ब्लैकमेल, शादी और संपत्ति के खेल से परेशान होकर लड़के ने लड़की को मारने का प्लान बना लिया। उसे रांची ले जाने के बहाने घर से निकाला और रास्ते में दोस्तों के साथ मिलकर उसे तीन गोली मार दी। इसके बाद लड़की के कपड़े फाड़ दिए ताकि रेप की घटना लगे। हालांकि अपराधी की चाल में पुलिस कुछ समय तक के लिए उलझी लेकिन उसे जल्द ही सच्चाई का पता चल गया और आरोपी पकड़ा गया।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article