Bengaluru Horror: बेंगलुरु में एक निजी स्कूल के डांस मास्टर ने अपने दो दोस्तों के साथ अपनी पूर्व प्रेमिका को ब्लैकमेल कर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। आरोपियों ने महिला के अंतरंग वीडियो और तस्वीरों से ब्लैकमेल करने के बाद एक साल में उसके साथ कई बार बलात्कार किया। पिछले हफ्ते 23 वर्षीय महिला द्वारा दर्ज की गई शिकायत के आधार पर कोडिगेहल्ली पुलिस ने रविवार को 28-29 साल की उम्र के एंडी जॉर्ज, संतोष और शशि को गिरफ्तार किया। जॉर्ज विद्यारण्यपुरा का रहने वाला है और बाकी दोनों आसपास के इलाकों से हैं।
सोशल मीडिया के जरिए दोस्त बने थे
महिला बेरोजगार है और पूर्वोत्तर बेंगलुरु में अपने माता-पिता के साथ रहती है। महिला और जॉर्ज तीन साल पहले सोशल मीडिया के जरिए दोस्त बने थे। जल्द ही उन्हें प्यार हो गया। जॉर्ज महिला को अपने घर और दूसरी जगहों पर घुमाने ले जाता था। इसी दौरान उसने अपने मोबाइल फोन पर महिला के साथ अंतरंग पलों को रिकॉर्ड कर लिया। वे जून 2021 तक रिलेशनशिप में थे। जॉर्ज की बुराइयां सामने आने के बाद महिला ने उससे रिश्ता तोड़ लिया था। तब जॉर्ज ने तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी दी और कई जगहों पर कई बार उसके साथ बलात्कार किया।
जॉर्ज ने अपने दोस्तों के साथ संबंध बनाने पर किया मजबूर
जॉर्ज ने उसकी जानकारी अपने दो दोस्तों से भी साझा की। उसने महिला को उनसे मिलने और उनके साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। जॉर्ज ने महिला के साथ संतोष और शशि के निजी पलों के वीडियो भी रिकॉर्ड किए। पुलिस ने कहा कि उसने महिला के साथ यौन संबंध बनाने के लिए अपने दोस्तों से 3,000 से 5,000 रुपये भी वसूले। हाल ही में महिला ने तीनों से मिलना बंद कर दिया। इसके बाद जॉर्ज ने एक इंस्टाग्राम अकाउंट खोला और उसकी तस्वीरें और वीडियो अपने दोस्तों के साथ साझा करने लगा। उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं कर पाने पर महिला ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। पुलिस उपायुक्त (उत्तरपूर्व) लक्ष्मी प्रसाद ने कहा कि उन्होंने आरोपियों के पास से तस्वीरें, वीडियो, पेन ड्राइव, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
उन्होंने कहा कि सामूहिक बलात्कार के आरोपों के अलावा हमने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम भी लागू किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, तीनों आरोपियों ने उसके साथ अपने निजी पलों के वीडियो बनाए थे। पुलिस ने उस स्कूल का दौरा किया जहां जॉर्ज काम करता था और जांच की कि उसने किसी बच्चे के साथ तो यौन दुर्व्यवहार नहीं किया है। आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं।
