Uttarakhand BJP MLA: उत्तराखंड में बीजेपी विधायक महेश नेगी पर बलात्कार का मुकदमा दर्ज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 6, 2020, 04:40 PM IST

Uttarakhand BJP MLA Mahesh Negi News:उत्तराखंड में ब्लैकमेलिंग के आरोपों में घिरी महिला ने बीजेपी विधायक महेश नेगी और उनकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था।

Uttarakhand BJP MLA: उत्तराखंड में बीजेपी विधायक महेश नेगी पर बलात्कार का मुकदमा दर्ज

उत्तराखंड पुलिस ने अदालत के आदेश पर सत्तारूढ़ बीजेपी के विधायक महेश नेगी के खिलाफ बलात्कार और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। गौरतलतब है कि एक महिला ने विधायक नेगी पर उसके साथ कथित रूप से बलात्कार करने का आरोप लगाते हुए उनके अपनी बेटी का पिता होने का दावा किया है। महिला ने इस संबंध में डीएनए जांच की भी मांग की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अल्मोडा जिले के द्वाराहाट से विधायक नेगी के खिलाफ शहर के नेहरू कॉलोनी थाने में भारतीय दंड विधान की धारा 376 (बलात्कार) और 506 (जान से मारने की धमकी) में मामला दर्ज किया गया है।नेगी की पत्नी रीता के खिलाफ भी जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।

देहरादून की एक अदालत ने महिला की अर्जी पर सुनवाई करते हुए शनिवार को विधायक और उनकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया था।हालांकि, विधायक ने महिला द्वारा उनके ऊपर लगाए आरोपों को षडयंत्र बताया है और कहा है कि इसमें कुछ कांग्रेसी नेता भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वह किसी भी जांच के लिए तैयार हैं।

महिला के वकील ने दावा किया है कि कोर्ट ने मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं वहीं विधायक महेश नेगी के अधिवक्ता ने कहा कि महिला ने अब कोर्ट को गुमराह किया है, इसे लेकर महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे। देहरादून के नेहरू कालोनी थाने में बीजेपी विधायक महेश नेगी की पत्नी रीता नेगी ने अल्मोड़ा क्षेत्र की एक महिला समेत चार लोगों पर ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज कराया था वहीं,महिला ने भी पुलिस को तहरीर देकर विधायक पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी।

End of Article