प्रेमिका को परेशान करता था पति, हत्‍या कर शव के कर डाले कई टुकड़े, फिर गिरफ्तारी से बचने को रचा ड्रामा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 1, 2021, 03:23 PM IST

प्रेम संबंध कई बार किस कदर खतरनाक हो सकते हैं, इसका अंदाजा भी लगाना मुश्किल होता है। हैराबाद से ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक शख्‍स ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर उसके पति को रास्‍ते से हटाने की साजिश रची और फिर नृशंस तरीके से उसकी हत्‍या कर दी।

प्रेमिका को परेशान करता था पति, हत्‍या कर शव के कर डाले कई टुकड़े, फिर गिरफ्तारी से बचने को रचा ड्रामा
Photo Credit: Representative Image

हैदराबाद: तेलंगाना में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका के पति की हत्या कर दी और उसके शरीर के कई टुकड़े कर दिए। रामागुंडम में पीड़ित का क्षत-विक्षत शव बरामद होने के दो दिन बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पीड़ि‍त के शरीर के अलग-अलग अंगों को कई क्षेत्रों में नष्‍ट करने की कोशिश की थी, लेकिन तमाम पैंतरेबाजी के बाद भी वह पुलिस के हत्‍थे चढ़ ही गया।

आरोपी की पहचान पी राजू के रूप में हुई है, जो एनटीपीसी, रामागुंडम के एक अस्पताल में सफाई कर्मचारी के तौर पर काम करता था। बताया जाता है कि वहीं काम करने वाली 31 साल की एक महिला के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला के पति को जब इस बारे में मालूम हुआ तो उसने पत्‍नी से इसे लेकर सवाल किया। इस पर दोनों के बीच तकरार बढ़ गई और उसने पत्‍नी की पिटाई कर दी। इस बात को लेकर वह अक्‍सर पत्‍नी के साथ मारपीट करता था।

अलग-अलग मिला कटा सिर और हाथ

महिला ने यह बात अस्‍पताल में अपने प्रेमी से बताई, जिसके बाद दोनों ने उसे रास्‍ते से हटाने का फैसला किया और उसकी हत्‍या की साजिश का ताना-बाना बुना। पीड़‍ित की मां ने 26 नवंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्‍होंने बतायाकि उनका बेटा 25 नवंबर की रात घर से निकला था, लेकिन फिर लौटा नहीं। 27 नवंबर को पुलिस को एनटीपीसी कूलिंग टावर्स के पास मलयालपल्ली चौराहे के पास एक कटा सिर और हाथ मिला, जिसकी जांच करने पर पीड़ि‍त के तौर पर उसकी पहचान हुई।

पीड़ित की मां ने पूछताछ के दौरान बताया कि उन्हें घटना के पीछे अपनी बहू और उसके प्रेमी का हाथ होने का शक है, जिसे लेकर अक्‍सर उनका बेटा भी आपत्ति जताता था। इसके बाद पुलिस ने शनिवार को आरोपी को उस समय पकड़ लिया जब वह अपनी बाइक से करीमनगर शहर जाने की कोशिश कर रहा था। उसने पूछताछ के दौरान हत्या की बात कबूली और बताया कि पीड़‍ित को उनके संबंधों के बारे में जानकारी थी, जिसकी वजह से वह अपनी पत्‍नी का उत्‍पीड़न करता था। ऐसे में दोनों ने उसे खत्‍म करने का फैसला लिया।

End of Article