Cyberabad Gang Rape Case: गैंगरेप से पहले आरोपियों ने की थी पीड़िता को जबरन शराब पिलाने की कोशिश

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 1, 2019, 05:59 PM IST

Telangana Rape Case: तेलंगाना के साइबराबाद में एक महिला पशु चिकित्सक के साथ हुई हैवानियत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। अब इस मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं।

Cyberabad Gang Rape Case: गैंगरेप से पहले आरोपियों ने की थी पीड़िता को जबरन शराब पिलाने की कोशिश
Photo Credit: BCCL

हैदराबाद: तेलंगाना के साइबराबाद में महिला डॉक्टर के साथ हुई हैवानियत के मामले में पुलिस ने जिन चार आरोपियों को अरेस्ट किया है उनके कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। आरोपियों ने डॉक्टर के साथ रेप की पूरी प्लानिंग की थी। इस मामले में एक और खुलासा हुआ है। आरोपियों ने वारदात के समय महिला डॉक्टर को जबरन शराब पिलाने की कोशिश की थी लेकिन पीड़िता ने ऐसा करने से मना कर दिया था। 

पुलिस ने इस जघन्य वारदात के अंजाम देने वाले चारों आरोपियों को अऱेस्ट कर लिया है। शनिवार को चारों आरोपियों को स्थानीय कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। महिला डॉक्टर के साथ हुई इस वारदात के बाद पूरे देश में गुस्सा है। पीड़िता को न्याय की मांग को लेकर जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

इस मामले में चार आरोपियों में से एक आरोपी की मां ने अपने बेटे के लिए फांसी की सजा की मांग की है। उसने कहा, 'उसी तरह तरह जला दो या फांसी दे दो जैसा उसने पीड़िता के साथ रेप करने के बाद किया। मैं उस परिवार का दर्द समझ सकती हूं क्योंकि मेरी भी एक बेटी है और मुझे पता है कि उन पर क्या गुजर रही होगी।'

आपको बता दें कि बुधवार को पीड़ित डॉक्टर जब अपनी ड्यूटी से वापस आ रही थी तो उसने साइबराबाद के टोल प्लाजा की पार्किंग में अपनी स्कूटी चलानी चाही तो वह पंचर थी जिसे आरोपियों ने जान बूझकर पंचर किया था। इसके बाद आरोपी खुद पीड़िता के पास मदद की पेशकश लेकर पहुंचे। इनमें से एक आरोपी स्कूटी को ठीक करने के बहाने कुछ दूर ले गया और फिर अन्य आरोपी भी वहां आ पहुंचे।

इस दौरान पीड़िता ने अपनी बहन को फोन भी किया और उसने बताया था कि कुछ लोग उसे घूर रहे हैं इससे उसे डर लग रहा है। पीड़िता की बहन ने उससे कहा कि वह टॉल प्लाजा पर रहे। इसके बाद पीड़िता का फोन स्विच ऑफ हो गया। बाद में सभी आरोपियों ने पीड़िता को बंधक बना लिया। सबने मिलकर पीड़िता के साथ गैंगरेप किया फिर डॉक्टर की हत्या कर दी। आरोपियों ने बाद में शव को जलाने की कोशिश भी की और पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी। अगली सुबह पीड़िता का शव एक पुलिया के नीचे अधजला मिला।

End of Article