UP: सपा विधायक ने ब्लॉक प्रमुख और उसके परिवार को 4 महीने से बना रखा था बंधक, पुलिस ने छापा मारकर छुड़ाया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 19, 2022, 12:38 PM IST

Mahendra Nath Yadav Basti: बस्ती में समाजवादी पार्टी के विधायक महेंद्रनाथ यादव पर अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। विधायक ने ब्लॉक प्रमुख के परिवार को चार महीने तक बंधक बनाकर रखा था।

UP: सपा विधायक ने ब्लॉक प्रमुख और उसके परिवार को 4 महीने से बना रखा था बंधक, पुलिस ने छापा मारकर छुड़ाया

Mahendra Nath Yadav Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से अपहरण का एक ऐसा मामला सामने आया है जहां एक ब्लॉक प्रमुख के परिवार का अपहरण कर उसे चार महीने तक बंधक बनाए रखा गया। बंधक बनाने और अपहरण करने का आरोप किसी और पर नहीं बल्कि समाजवादी पार्टी के विधायक महेंद्रनाथ यादव पर लगा है। पुलिस ने इस संबंध में पीड़ित पक्ष की शिकायत के बाद बस्ती जिले के कलवारी थाने मामला दर्ज करते हुए बंधक परिवार को छुड़ा लिया है।

जांच अधिकारी का बयान

जांच अधिकारी और बलिया के एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया, '18 मार्च को ओमप्रकाश पुत्र मिठाई लाल ने आकर सूचना दी कि उनके जीजा रामकुमार जो बहादुरपुर के ब्लॉक प्रमुख हैं उनको 23 अक्टूबर, 2021 को सपा के जिलाध्यक्ष महेंद्रनाथ अपने साथ ले गए थे। उनके जीजा ने ओमप्रकाश को रात में फोन पर बताया कि उन्हें महेंद्रनाथ यादव बंधक बनाए हुए हैं और बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। ओमप्रकाश की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने कुछ ऑडियो भी दिए हैं जिन्हें सुनकर अभियोग पंजीकृत किया गया है। वहां पर रामकुमार मौजूद थे जिन्हें वहां से निकालकर पुलिस ने उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया है। इस संबंध में आगे की जांच की जा रही है। पीड़ित को पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई है।'

अपहरण की शिकायत के बाद पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष और विधायक महेंद्र नाथ यादव के आवास पर छापेमारी की गई और ब्लाक प्रमुख, उनकी पत्नी और बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान यहां पर भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात रहा।

बस्ती सदर सीट से विधायक हैं महेंद्रनाथ

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश की विधानसभा सीटों में से एक बस्ती सदर सीट पर इस बार सपा ने जीत दर्ज की है। बीजेपी ने एक बार फिर दयाराम चौधरी को टिकट दिया था वहीं सपा ने महेंद्र यादव को उतारा था। महेंद्र नाथ यादव ने नजदीकी मुकाबले में जीत हासिल की। दूसरे नंबर पर बसपा के आलोक रंजन वर्मा रहे। यादव ने आलोक रंजन को 1779 वोटों से मात दी। भाजपा इस सीट पर तीसरे स्थान पर रही थी।

End of Article