Rajasthan: रेप के आरोपी जैन मुनि के पास से कंडोम, 33 पेन ड्राइव, अश्लील वीडियो से भरी हार्ड डिस्क जब्त

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 14, 2020, 08:28 AM IST

Jain Monk Rape Accused: राजस्थान के करौली के एक जैन मुनि पर महिला को धमकी देकर बलात्कार करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Rajasthan: रेप के आरोपी जैन मुनि के पास से कंडोम, 33 पेन ड्राइव, अश्लील वीडियो से भरी हार्ड डिस्क जब्त

नई दिल्ली: राजस्थान के करौली जिले में एक गर्भवती महिला के बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किए गए जैन मुनि के कब्जे से पुलिस ने पेन ड्राइव, कंडोम के पैकेट और दो लैपटॉप जब्त किए हैं। जब्त किए गए ये सामान एक सामुदायिक आश्रय गृह में एक बड़े बैग के अंदर पाए गए जहां आरोपी रहता था। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सबूत जुटाने के लिए जयपुर की एक फॉरेंसिक टीम करौली भेजी गई थी। टीम शुक्रवार सुबह हिंडौन कस्बे में स्थित आश्रय गृह पहुंची।

जांच के दौरान शेल्टर होम में एक बड़ा बैग मिला। बैग खोलने पर जांच अधिकारियों को 19 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, चार हार्ड डिस्क, कंडोम पैकेट और 33 पेन ड्राइव मिलीं। अधिकारियों ने हार्ड डिस्क को स्कैन किया और पाया कि उनमें 'आपत्तिजनक वीडियो' हैं।

धमकी देकर दुष्कर्म करने का आरोप

38 साल के जैन मुनि ने एक गर्भवती महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया, जो अपनी जेठानी के साथ गुरुवार को आशीर्वाद लेने के लिए उनसे मिलने गई थी। शुरुआत में पीड़िता की जेठानी ने कमरे में प्रवेश किया और मुनि ने उससे छेड़छाड़ करने की कोशिश की लेकिन वह तुरंत बाहर आ गई। इसके बाद जब वह खुद कमरे में गई, तो उसके साथ मुनि ने कथित तौर पर बलात्कार किया। उसने महिला को धमकी दी कि अगर उसने इस बारे में बात की तो वह अपनी शक्तियों का उपयोग करके उसके परिवार के सदस्यों को नुकसान पहुंचाएगा। 

मुनि के खिलाफ मामला दर्ज

घर वापस आने के बाद पीड़ित महिला ने परिवार के सदस्यों को अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मुनि के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376 (बलात्कार) और 354 (महिला के साथ छेड़छाड़) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच चल रही है।
 

End of Article