क्राइम

कोई बिहार के इस मंत्री जी को कानून समझाओ! पीड़िता की पहचान उजागर करना अपराध है

Bihar Crime: बिहार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने सीएम सम्राट चौधरी का बचाव करते हुए ऐसा बयान दे दिया है, जिससे उनकी जमकर आलोचना हो रही है।

Image

बिहार सरकार में मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा

Bihar Crime: बिहार में महिला अपराधों को लेकर कानून व्यवस्था सवालों के घेरे में हैं, जमुई से लेकर समस्तीपुर तक और मधेपुरा से लेकर बांका तक रोज लड़कियों से छेड़खानी के मामले सामने आ रहे हैं। एक ओर पुलिस ऐसे मामलों के कारण सवालों के घेरे में है तो वहीं बिहार के मंत्री अजब-गजब बयान दे रहे हैं। बिहार के एक मंत्री साहब को तो पॉक्सो केस में पीड़िता के परिवार की फोटो सार्वजनिक करना भी सही लग रहा है। मंत्री जी का नाम है- भगवान सिंह कुशवाहा, विभाग है इनके पास योजना विकास।

भगवान सिंह कुशवाहा का बेशर्मी से भरा बयान

दरअसल आज बिहार के सीएम सम्राट चौधरी से जमुई पीड़िता का परिवार मिला था, इसी की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी गई, हालांकि इसे तुरंत हटा लिया गया था। इसके बाद सीएम सम्राट चौधरी विपक्ष के निशाने पर आ गए, क्योंकि उनकी वजह से पीड़िता की पहचान उजागर हो गई थी। इसी को लेकर भगवान सिंह कुशवाहा ने बेशर्मी भरा बयान दिया है। मंत्री ने बेतुका बयान देते हुए कहा पॉक्सो का क्या उल्लंघन हो गया, फोटो नहीं वायरल होना चाहिए,...पीड़िता के परिवार से मिलने गए हैं, फोटो अगर वायरल हुआ है तो उसमें गलती कहां है, ये सब आपलोग हल्ला कर रहे हैं, ऐसा कोई कानून नहीं है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा ही नहीं है।"

गलती मानने को तैयार नहीं मंत्री जी

मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा जब मीडिया से बात कर रहे थे, तब उन्हें कई बार बताया गया कि पहचान सार्वजनिक करना गलत है, लेकिन मंत्री जी को उसमें कोई गलती नजर नहीं आई।

अब बांका में छेड़खानी का मामला आया सामने

बिहार के जमुई और समस्तीपुर में सामने आए छेड़छाड़ के मामलों के बाद अब बांका जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मंदर हिल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें एक युवती के साथ कुछ युवकों द्वारा अभद्रता किए जाने का दावा किया गया है। जिला पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, बौंसी थाना पुलिस ने 22 सितंबर को व्हाट्सऐप के माध्यम से प्राप्त वीडियो का संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। बौंसी थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता अपने दो मित्रों के साथ मंदर हिल घूमने गई थी। आरोप है कि वहां तीन युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज की, धमकाया और युवती के साथ अशोभनीय व्यवहार किया। प्राथमिकी के मुताबिक, आरोपियों में शामिल अब्दुल्ला ने पीड़िता के एक मित्र के खाते से ऑनलाइन 1,500 रुपये भी ट्रांसफर कराए, जिसके बाद उन्हें वहां से जाने दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान अब्दुल्ला, नीतीश कुमार राय और विकास कुमार के रूप में की है। अधिकारियों के अनुसार, तीनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article