Delhi Crime News: दिल्ली में पुलिस थाने के अंदर चाकू लेकर घुसा शख्स, 6 पुलिसवालों को किया घायल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 23, 2022, 11:36 AM IST

Delhi Crime News: हमलावर की पहचान पूर्वी दिल्ली के बलबीर नगर निवासी भरत भाटी के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि भाटी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। हालांकि वो 2014 में एक दुर्घटना के मामले में शामिल था, जो अभी भी कोर्ट में चल रहा है।

Delhi Crime News: दिल्ली में पुलिस थाने के अंदर चाकू लेकर घुसा शख्स, 6 पुलिसवालों को किया घायल
Photo Credit: ANI

Delhi Crime News: पूर्वी दिल्ली के शाहदरा थाने के अंदर एक 28 साल के शख्स के चाकू के हमले में पांच पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि घटना बुधवार को शाहदरा साइबर थाने की तीसरी मंजिल पर हुई। आरोपी की पहचान भरत भाटी के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। जब आरोपी छुरा लेकर घुसा, तब आठ महिलाओं समेत बीस लोग थाने के अंदर मौजूद थे।

दिल्ली में थाने के अंदर शख्स ने चाकू से 6 पुलिसवालों को किया घायल

एक अधिकारी ने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि एक शख्स थाने में घुसा और वीडियो बनाने लगा। पुलिस ने जब उससे वीडियो के बारे में पूछताछ शुरू की तो वह शख्स नाराज हो गया और उसने चाकू निकालकर सामने खड़े छह पुलिसकर्मियों को चाकू मार दिया।  पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) आर सथियासुंदरम ने कहा कि आरोपी भरत भाटी दोपहर करीब 12.45 बजे थाने आया था। वह वहां के कर्मचारियों से बात कर रहा था और तीसरी मंजिल पर चला गया। 

मामले की जांच में जुटी पुलिस 

फिर उसने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वह चाकू से लैस था। जब उसे रोका गया तो उसने पुलिसकर्मियों पर हमला करना शुरू कर दिया। हमारा स्टाफ घायल हो गया। जो भी घायलों को बचाने और आरोपी को रोकने आया, उसने उस पर भी चाकू से हमला किया। उन्होंने कहा कि जब उसने पुलिस थाने से भागने की कोशिश की, तो संतरी ने गेट बंद कर दिया। दो-तीन पुलिसकर्मियों ने पीछा किया और उसे काबू कर लिया। उन्होंने उसका चाकू छीन लिया और उसे गिरफ्तार कर लिया। छह घायलों में से एक के सीने में चोट आई है और उसकी हालत गंभीर है। साथ ही कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

End of Article