Faridabad Crime: दोस्त का बर्थडे मनाकर लौट रहे दो नाबालिगों पर जानलेवा हमला, आरोपियों ने किए चाकू के कई वार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 8, 2022, 09:08 PM IST

Faridabad Crime: दोस्‍त की बर्थडे पार्टी मना कर लौट रहे दो नाबालिग छात्रों पर कुछ लोगों ने चाकूओं से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले से पहले पार्टी में इन दोनों छात्रों का किसी बात को लेकर कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Faridabad Crime: दोस्त का बर्थडे मनाकर लौट रहे दो नाबालिगों पर जानलेवा हमला, आरोपियों ने किए चाकू के कई वार
Photo Credit: Representative Image

Faridabad Crime: फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ इलाके में अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी मना कर लौट रहे दो नाबालिग छात्रों पर कुछ लोगों ने चाकुओं से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने एक छात्र पर सात बार चाकू से वार किया, वहीं दूसरे छात्र पर भी चाकू के दो गहरे वार किए गए हैं। दोनों छात्रों को गंभीर रूप से घायल अवस्था में जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां दोनों का इलाज किया जा रहा है। वहीं घटना  की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस हमले में घायल दोनों छात्र मूल रूप से बल्लभगढ़ के हरी बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों नाबालिग देर रात अपने दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में शरीक होने के लिए गए थे। वहीं पर किसी बात को लेकर कुछ लोगों के साथ इनकी कहासुनी हो गई। वहां पर मौजूद अन्‍य लोगों ने उस समय मामले को शांत कराया।

पार्टी से लौटते समय आरोपियों ने कर दिया हमला

पुलिस ने बताया कि पार्टी में मामला शांत हो गया था। जिसके बाद दोनों नाबालिगों ने भी पूरी पार्टी अटैंड की। पार्टी के बाद जब ये लौटने लगे तो दूसरे पक्ष के युवकों ने इन्‍हें रास्‍ते में घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान ही कुछ युवकों ने चाकू निकाल लिया और नाबालिगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में दोनों नाबालिग छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं। एक नाबालिग के ऊपर 7 बार चाकू से हमला किया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों नाबालिग छात्रों का सिविल अस्‍पताल में उपचार करवा रही है।  

जल्द होंगे सभी आरोपी गिरफ्तार

पुलिस का कहना है कि दोनों छात्रों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। अभी यह पता लगाया जा रहा है कि, इस हमले में कितने लोग शामिल थे, जल्‍द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!