बिजनौर: सुहागरात पर दूल्हे का सिर फोड़कर प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 19, 2021, 08:46 AM IST

यूपी के बिजनौर में एक दुल्‍हन ने शादी की रात को अपने पति का सिर फोड़ दिया और फिर खुद प्रेमी संग फरार हो गई। इसके बाद पूरे गांव में हंगामा मच गया।

बिजनौर: सुहागरात पर दूल्हे का सिर फोड़कर प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन

बिजनौर: जिस दूल्हे ने अपनी नई दुल्हन को लेकर कई सपने संजोए थे उसे भी नहीं पता होगा कि शादी की पहली रात उसके लिए इतनी अकल्पनीय होगी जिसे वो कभी याद रखना नहीं चाहेगा। ऐसा एक मामला आया है उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से जहां सुहागरात की सेज पर जब दूल्हा अपनी दुल्हन का इंतजार कर रहा था तो इसी दौरान उसके सिर पर इतनी जोर से वार हुआ कि वह बेहोश हो गया। यह हमली किसी और ने नहीं बल्कि उसकी दुल्हन ने किया था।

क्या है पूरा मामला
बिजनौर के गांव कुंडा खुर्द निवासी एक युवक दो दिन पहले हरिद्वार की रहने वाली एक युवती से विवाह हुआ था। शादी की सारी रस्में पूरी होने के बाद बारात घर आई तो जमकर यहां जश्न मना और पार्टी हुई। इसके बाद मंगलवार रात करीब 11 बजे परिजन नई नवेली दुल्हन को उसके कमरे में छोड़कर सोने चले गए।  इसी दौरान दुल्हन ने चुपचाप से अपने दूल्हे के सिर पर जोर से जानलेवा हमला कर दिया जिससे पति लहलुहान हो गया और बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद लुटेरी दुल्हन तुरंत करीब 2 लाख के गहने, महंगा मोबाइल और 20 हजार से ज्यादा की नकदी लेकर प्रेमी संग फरार हो गई।

परिवार हैरान

जैसे ही दूल्हे को होश आया तो उसने तुरंत अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी तो वह भी हैरान रह गए।  पुलिस को तुरंत सूचना दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी के बयान दर्ज किए। मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने लुटेरी दुल्हन की तलाश शुरू कर दी है लेकिन अभी तक उसे कोई सफलता नहीं मिली है। लुटेरी दुल्हन ने पूरी योजना के साथ अपने मिशन को अंजाम दिया था। अब पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि लुटेरी दुल्हन इससे पहले कितनी ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुकी है।

इस घटना के बाद पूरे गांव में शादी तथा लुटेरी दुल्हन की चर्चा हो रही है और लोग तरह तरह के कयास लगा रहे हैं। आपको बता दें कि यूपी के विभिन्न हिस्सों में इस तरह के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं और कई में पुलिस ने इस तरह की लुटेरी दुल्हनों को गिरफ्तार भी किया है। 

End of Article