DEHRADUN: उत्तराखंड (Uttarakhand) के चर्चित अंकिता हत्याकांड (Ankita Bhandari ) मामले में नया खुलासा हुआ है। ऋषिकेश (Rishikesh) के एक रिसॉर्ट में काम करने वाली अंकिता भंडारी की हत्या में एसआईटी द्वारा चल रही जांच के बीच विसरा रिपोर्ट (Visceral report) सामने आई है। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक विसरा सैंपल की प्रारंभिक फोरेंसिक जांच रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न से इनकार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर टीओआई को बताया कि रिपोर्ट शनिवार को प्राप्त हुई थी।
एम्स ने दी थी ऐसी ही रिपोर्ट
अधिकारी ने कहा, 'लड़की के विसरा सैंपल की फोरेंसिक जांच की प्रारंभिक रिपोर्ट में उसकी हत्या से पहले किसी यौन हमले का जिक्र नहीं था। यह रिपोर्ट एम्स ऋषिकेश द्वारा जारी उस पोस्टमॉर्टम जांच रिपोर्ट की पुष्टि करती है, जिसने भी इससे इनकार किया था।' एसआईटी को कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल की स्थानीय अदालत से रिपोर्ट प्राप्त हुई थी, जो उन्हें देहरादून में फोरेंसिक विभाग से प्राप्त हुई थी। इस बीच, उत्तराखंड के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) वी मुरुगेसन ने कहा,'एसआईटी अपनी जांच पूरी करने वाली है, जिसके बाद वह अगले 10 दिनों में चार्जशीट दाखिल कर सकती है। हमने सरकार को यह भी लिखा है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामले की सुनवाई की प्रक्रिया के अनुसार हो।'
आरोपी जेल में बंद
आपको बता दें कि कि अंकिता हत्याकांड मामले में पकड़े गए तीनों आरोपी फिलहाल जेल की सलाखों के पीछे हैं। इनमें रिजॉर्ट का मालिक पुलकित आर्या भी है जो बीजेपी नेता का बेटा है। सभी आरोपियों परर हत्या और अनैतिक कामों में जबरन डालने को लेकर धाराएं लगाई गयी हैं। पुलकित ने अपने साथी की मदद से अंकिता की हत्या कर दी थी और उसे नहर में धक्का दे दिया था। अंकिता की मौत के बाद पूरे उत्तराखंड में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। खुद मुख्यमंत्री धामी ने अंकिता के घर जाकर उनके माता पिता से मुलाकात की थी और हरसंभव मदद देने का भरोसा दिया था। इस दौरान उन्होंने परिवार को सहायता राशि का चैक भी प्रदान किया था।
