भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने रविवार को प्रमुख पैकेज्ड वॉटर कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल जांच में 'असुरक्षित' पाए जाने के बाद नियामक ने यह सख्त कदम उठाया है। FSSAI ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से 'पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर' का एक रेगुलेटरी सैंपल जांच के लिए लिया गया था। जांच में यह सैंपल निर्धारित ब्रोमेट (bromate) सीमा के मानकों पर खरा नहीं उतरा और इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया।
कंपनी द्वारा इस रिपोर्ट के खिलाफ अपील किए जाने पर सैंपल को रेफरल फूड लेबोरेटरी भेजा गया। वहां भी सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) पाए जाने के कारण इसे असुरक्षित करार दिया गया। लैब रिपोर्ट में कानून के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से जुड़े नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा शुरू करने की अनुमति दी है।
अन्य कंपनियों पर भी गिरी गाज
बिसलेरी के अलावा FSSAI ने वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी सहित कुछ अन्य कंपनियों के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है।
इसके साथ ही नियामक ने नियमों का पालन न करने के आरोप में उर्मि लाइफसाइंसेज एलएलपी और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। वहीं, आशा कन्फेक्शनरी के प्री-पैक चॉकलेट फिल्ड कुकीज़ असुरक्षित पाए जाने के बाद कंपनी को बाजार से ये उत्पाद वापस मंगाने (प्रोडक्ट रिकॉल) का आदेश भी जारी किया गया है। गौरतलब है कि इस साल FSSAI ने खाद्य कारोबारियों, ई-कॉमर्स कंपनियों और एनर्जी ड्रिंक व अल्कोहलिक बेवरेज निर्माताओं के खिलाफ अपनी सख्ती काफी बढ़ा दी है।
क्या होता है ब्रोमेट?
ब्रोमेट (Bromate) एक रासायनिक यौगिक है, जो मुख्य रूप से तब बनता है जब पानी को साफ और कीटाणुरहित करने के लिए ओजोन गैस (Ozonation) का इस्तेमाल किया जाता है। पानी में प्राकृतिक रूप से थोड़ा-बहुत 'ब्रोमाइड' (Bromide) मौजूद होता है। जब इस पानी को शुद्ध करने के लिए इसमें ओजोन गैस मिलाई जाती है, तो रासायनिक प्रतिक्रिया के कारण यह ब्रोमाइड बदलकर ब्रोमेट बन जाता है।
