शहर

Jharkhand Accident: गिरिडीह में श्रद्धालुओं से भरी बस पेड़ से टकराकर पलटी, पति-पत्नी की मौत

गिरिडीह में पारसनाथ पर्वत से दर्शन कर लौट रहे जैन श्रद्धालुओं की बस पेड़ से टकराकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में सूरत निवासी दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री घायल हुए।

Image

गिरिडीह में श्रद्धालुओं की बस पलटी

Photo : Times Now Digital

Giridih Bus Accident: झारखंड के गिरिडीह जिले के मधुबन में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां जैन श्रद्धालुओं से भरी एक बस पेड़ से टकराने के बाद सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में गुजरात के सूरत निवासी पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी श्रद्धालु पारसनाथ पर्वत पर दर्शन करने के बाद टाटानगर रेलवे स्टेशन जा रहे थे।

रेलवे स्टेशन जाते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, सूरत से करीब 50 जैन श्रद्धालु पारसनाथ पर्वत पर दर्शन के लिए आए थे। दर्शन करने के बाद सभी बस से टाटानगर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुए। इसी दौरान मधुबन से करीब एक किलोमीटर आगे बस अचानक बेकाबू हो गई। बस पहले पेड़ से टकराई और फिर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बस से निकाला

दुर्घटना में बाबूलाल वंशराज जैन और उनकी पत्नी बदामी देवी की मौत हो गई। बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल पीरटांड़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने हादसे में दो लोगों की मौत और करीब एक दर्जन यात्रियों के घायल होने की पुष्टि की है। घटना के बाद श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में शोक का माहौल है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article