क्राइम

सलमान खान को घर में घुसकर जान से मारने की धमकी, वॉट्सऐप पर आया मैसेज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

धमकी मामले में वर्ली पुलिस स्टेशन में फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि पिछले कुछ साल से सलमान खान को धमकियों का सिलसिला जारी है।

Image

सलमान खान को धमकी

Photo : ANI

Salman Khan Threatened: अभिनेता सलमान खान को एक बार फिर धमकी मिली है। मुंबई के वर्ली में यातायात विभाग के व्हाट्सएप नंबर पर धमकी आई है। सलमान खान को उनके घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी गई है। साथ ही सलमान खान की कार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। वर्ली पुलिस स्टेशन में फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

घर में घुसकर जान से मारने की धमकी

परिवहन विभाग के नंबर पर भेजे गए मैसेज में सलमान की गाड़ी को बम से उड़ाने के अलावा घर में घुसकर जान से मारने की धमकी भी दी गई है। वर्ली पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। धमकी देने वाले की मंशा क्या है और वह किस गिरोह का है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

कई बार मिल चुकी है धमकी

गौरतलब है कि सलमान खान को पहले भी कई बार धमकी मिल चुकी है। बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया था कि उनकी हिट लिस्ट में सलमान खान भी थे। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े शूटर्स मुंबई में सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर कई बार रेकी कर चुके थे। हालांकि, कड़ी सुरक्षा की वजह से वह अपने मकसद में नाकाम रहे और सलमान पर हमला करने की अपनी योजना विफल रही।

घर के बाहर हुई फायरिंग

पिछले साल अप्रैल में सलमान खान के घर 5 राउंड फायरिंग की गई थी, जिसके कुछ महीने बाद सलमान के करीबी और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या भी कर दी गई थी। लॉरेंस बिश्नोई ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा था कि उसके जीवन का एकमात्र लक्ष्य सलमान खान को जान से मारना है।

इससे पहले मुंबई पुलिस ने पिछले साल 12 नवंबर को सलमान खान को धमकी भरे मैसेज भेजने के आरोप में 24 वर्षीय एक व्यक्ति को कर्नाटक से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया था कि आरोपी का नाम सोहेल पाशा है। वहीं, 4 दिसंबर को सलमान खान के शूटिंग सेट पर अचानक एक शख्स घुस आया था, सिक्योरिटी गार्ड द्वारा रोकने पर उसने धमकी भरे लहजे में कहा था, लॉरेंस को बुलाऊं क्या? सेट पर हंगामा मचाने वाले व्यक्ति का नाम सतीश वर्मा है और वह जूनियर आर्टिस्ट है।

पिछले साल सलमान खान के घर के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सलमान खान की उस बालकनी पर खास तौर पर बुलेट प्रूफ ग्लास लगाया गया, जहां से वह अपने प्रशंसकों का अभिवादन करते हैं। गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर भी हाई सिक्योरिटी तैनात की गई है।

लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी

पिछले कुछ साल से सलमान खान को धमकियों का सिलसिला जारी है। गुजरात के साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों ने उन्हें धमकाया भी है घर के बार फायरिंग भी की। बिश्नोई का नाम लेकर कुछ और लोगों ने भी सलमान को धमकी देते हुए वसूली में करोड़ों रुपये मांगने की नाकाम कोशिश भी है। उनके गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग करने वाले बदमाशों को पुलिस ने बाद में गिरफ्तार भी कर लिया था।

8 नवंबर 2024 को भी मिली धमकी

बता दें कि 8 नवंबर 2024 को भी सलमान को मुंबई के ट्रैफिक कंट्रोल रूम के जरिए धमकी भरी कॉल की गई थी। इसके बाद वर्ली पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया था। कथित तौर पर धमकी भरे संदेश में एक गाने का जिक्र था जिसमें सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई दोनों का जिक्र करते हुए चेतावनी दी गई थी कि गीत लिखने वाले को एक महीने के भीतर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। गीतकार की हालत इतनी खराब कर दी जाएगी कि वह गीत लिखने लायक नहीं रहेगा। अगर सलमान खान में हिम्मत है, तो उन्हें उसको बचाकर दिखाए।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article