India Alliance meeting: विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेता 'वोट चोरी’ के मुद्दे पर विरोध-प्रदर्शन की रूपरेखा और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे का दबाव बढ़ाने की रणनीति तय करने के लिए बृहस्पतिवार शाम ऑनलाइन बैठक करेंगे। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित 'इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव एलायंस) की रैली की तैयारियों की समीक्षा भी की जाएगी।
विपक्षी नेताओं ने SC तक मार्च किया था
पिछले हफ्ते, 'वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्षी नेताओं ने उच्चतम न्यायालय तक मार्च किया था। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 13 अक्टूबर को अपने आवास पर 'इंडिया’ के नेताओं को चाय पर भी आमंत्रित किया था। बैठक के बाद विपक्षी गठबंधन ने अपना विरोध जारी रखने और 'वोट चोरी’ के खिलाफ लड़ाई को उसकी तार्किक परिणति तक ले जाने का संकल्प लिया था।
चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाए जाने को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव बना हुआ है। सीईसी को हटाए जाने को लेकर विपक्ष के नेता लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्षी दलों ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग की है। विपक्ष का कहना है कि लोकतंत्र में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है।
बैठक में आगे की रणनीति बनाएगा विपक्ष
‘INDIA’ गठबंधन के नेता इस मुद्दे पर आगे की रणनीति तैयार करने के लिए बैठक करने की तैयारी में हैं। बैठक में चुनाव आयोग के खिलाफ अपना रुख तय करने और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। इस विवाद को लेकर विपक्ष पहले ही ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उन्हें पद से हटाने की मांग उठा चुका है। रिपोर्टों के मुताबिक, चुनाव आयुक्तों के बीच एसआईआर और मतदाता सूची से जुड़े फैसलों पर कथित असहमतियों की खबरों ने विवाद को और बढ़ाया है। हालांकि, चुनाव आयोग ने अपने फैसलों में एकमत होने की बात कही है।
