बिजनेस

DA Hike 2026: क्यों नहीं हुआ महंगाई भत्ते का ऐलान, अब क्या है सरकार का प्लान?

केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारी और पेंशनर बेसब्री से DA Hike का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन, जुलाई में होने वाली वृद्धि का ऐलान अभी तक नहीं किया गया है। ऐसे में सवाल है कि आगे क्या प्लान है?

Image

कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए जल्द हो सकता है डीए बढ़ोतरी का ऐलान

Photo : iStock

DA Hike 2026: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को जुलाई 2026 के महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का इंतजार है। उम्मीद थी कि दशहरे के आसपास सरकार महंगाई भत्ते पर फैसला ले सकती है, लेकिन 21 अक्टूबर को भी कोई घोषणा नहीं हुई। अब कर्मचारियों की नजर दिवाली से पहले होने वाले संभावित ऐलान पर है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि DA Hike में देरी क्यों हो रही है और सरकार कब तक इसका ऐलान कर सकती है?

फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों का DA उनकी बेसिक सैलरी का 60% है। अनुमान है कि जुलाई 2026 के लिए इसमें 3 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसा होने पर DA बढ़कर 63% हो जाएगा। हालांकि, सरकार ने न तो बढ़ोतरी की दर की पुष्टि की है और न ही घोषणा की तारीख बताई है।

DA Hike में देरी क्यों हो रही है?

केंद्र सरकार आमतौर पर साल में 2 बार, जनवरी और जुलाई से प्रभावी महंगाई भत्ते में संशोधन करती है। लेकिन इसका ऐलान इन महीनों में ही हो, ऐसा जरूरी नहीं है। कई बार सरकार त्योहारों के आसपास DA बढ़ाने का फैसला करती है।

इस बार कर्मचारियों को उम्मीद थी कि 14 अक्टूबर की कैबिनेट बैठक में DA Hike का ऐलान हो सकता है। हालांकि, उस बैठक में रेलवे कर्मचारियों के लिए Performance Linked Bonus (PLB) को मंजूरी दी गई, लेकिन महंगाई भत्ते पर फैसला नहीं हुआ।

इसके बाद 16 अक्टूबर को केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के लिए Non-Productivity Linked Bonus का भी ऐलान किया। लेकिन DA बढ़ोतरी का इंतजार खत्म नहीं हुआ। 20 अक्टूबर को दशहरा बीत गया और 21 अक्टूबर को भी कैबिनेट की नियमित बैठक नहीं हुई।

अब कब तक बढ़ सकता है DA?

फिलहाल सरकार की ओर से देरी की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है। इसलिए यह कहना मुश्किल है कि DA की फाइल किस स्तर पर लंबित है या अंतिम मंजूरी कब मिलेगी। 21 अक्टूबर को घोषणा नहीं होने के बाद अब कर्मचारियों की उम्मीदें 27 अक्टूबर को होने वाली कैबिनेट मीटिंग पर टिकी हैं।

हालांकि, इस मीटिंग के आधिकारिक एजेंडा में DA Hike शामिल नहीं है। बल्कि, यह मीटिंग परफॉर्मेंस रिव्यू और हाई-लेवल सेक्रेटरी मीटिंग के तौर पर होनी है। इसमें कैबिनेट सेक्रेटेरिएट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए मिनिस्ट्री की प्रोग्रेस रिपोर्ट का रिव्यू करेगा।

दिवाली से पहले बढ़ोतरी की उम्मीद

फिलहाल, तमाम कर्मचारियों को उम्मीद है कि सरकार हर हाल में दिवाली से पहले DA बढ़ोतरी का ऐलान कर देगी। क्योंकि, साल 2025 में जुलाई से प्रभावी DA बढ़ोतरी का आदेश 6 अक्टूबर को जारी किया गया था। वहीं, साल 2024 में जुलाई वाली किस्त का ऐलान 21 अक्टूबर को हुआ था। इसके अलावा DA बढ़ोतरी की घोषणा कैबिनेट की नियमित बैठक के दिन ही हो, यह भी जरूरी नहीं है। हालांकि, नई दर लागू होने के लिए सरकार की औपचारिक मंजूरी और संबंधित आदेश जरूरी होंगे।

3% DA बढ़ा तो कितनी बढ़ेगी सैलरी?

जुलाई 2026 की किस्त के लिए अनुमानित 3 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी का सीधा असर कर्मचारियों की मासिक सैलरी पर पड़ेगा। उदाहरण के लिए, अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹18,000 है, तो मौजूदा 60% DA के हिसाब से उसे ₹10,800 महंगाई भत्ता मिलता है।

अगर DA बढ़कर 63% हो जाता है, तो महंगाई भत्ते की रकम ₹11,340 हो जाएगी। यानी हर महीने ₹540 ज्यादा मिलेंगे। 12 महीने के हिसाब से यह अंतर ₹6,480 होगा। यह गणना केवल उदाहरण है और वास्तविक बढ़ोतरी सरकार के अंतिम फैसले पर निर्भर करेगी।

जुलाई से एरियर मिलने की भी उम्मीद

जुलाई 2026 की किस्त 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होनी है। अगर सरकार बढ़ोतरी को इसी तारीख से मंजूरी देती है, तो कर्मचारियों और पेंशनर्स को पात्र अवधि का एरियर भी मिल सकता है। हालांकि, भुगतान कब होगा और एरियर किस तरह जारी किया जाएगा, यह आधिकारिक आदेश से ही स्पष्ट होगा।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article