आईपीएल 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए मैदान पर उतरने से पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ग्लेन मैक्सवेल की जिंदगी में पिछले दिनों काफी कुछ हुआ है। आईपीएल में धमाल मचाने से पहले उन्होंने भारतीय मूल की अपनी मंगेतर विनी रमन से अपने रीति-रिवाजों से शादी की थी। अब दोनों ने भारतीय परंपराओं से भी शादी पूरी कर ली है। भारतीय रिवाजों से उनकी शादी का वीडियो खूब वायरल हो रहा है।
विनी रमन भारतीय मूल की हैं इसलिए दोनों ने ये तय किया था कि वे दोनों परिवारों का सम्मान रखने के लिए दोनों के रिवाजों से शादी करेंगे। ऑस्ट्रेलियाई अंदाज में शादी करने के बाद अब दोनों ने भारतीय रिवाजों से भी शादी की है। ताजा वीडियो जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, उसमें आप दोनों को 'वरमाल' के दौरान देख सकते हैं।
पिछले महीने दोनों की शादी का एक कार्ड खूब वायरल हुआ था जो कि तमिल में छपा था। क्रिकेटर मैक्सवेल और विनी रमन 2017 से एक दूसरे को जानते हैं और दोनों ने 2020 में कोविड महामारी के प्रकोप से ठीक पहले सगाई कर ली थी।
गौरतलब है कि मैक्सवेल को बैंगलोर की टीम ने आईपीएल 2022 के लिए 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे-टी20 सीरीज के लिए मैक्सवेल ने खुद को चयन के लिए उपलब्ध नहीं कराया था ताकि वो अपनी शादी पूरी कर सकें। अब अगले कुछ दिनों में वो आरसीबी टीम के साथ जुड़ सकते हैं। बैंगलोर ने रविवार को इस सीजन का अपना पहला मैच गंवा दिया।

