IND vs SA: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शार्दुल ठाकुर का बड़ा धमाका, ध्वस्त किया बैटिंग ऑर्डर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 4, 2022, 07:34 PM IST

Shardul Thakur test record, India vs South Africa 2nd Test, Johannesburg: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच जोहानिसबर्ग में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में शार्दुल ठाकुर ने रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन किया है।

IND vs SA: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शार्दुल ठाकुर का बड़ा धमाका, ध्वस्त किया बैटिंग ऑर्डर
Photo Credit: AP

India vs South Africa 2nd Test Day 2: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जोहानिसबर्ग में जारी टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में मंगलवार का दिन भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर के नाम रहा। मैच के पहले दिन अपनी पहली पारी में टीम इंडिया 202 रन पर सिमट गई थी, इस झटके से टीम को बाहर लाने का काम शार्दुल ठाकुर ने दूसरे दिन किया जब उन्होंने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों का बेबस किया और खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। दक्षिण अफ्रीकी टीम अपनी पहली पारी में 229 रन पर सिमट गई।

टीम इंडिया को 202 रन पर ऑल-आउट करने के बाद जवाब देने उतरी मेजबान दक्षिण अफ्रीकी टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट खोकर 35 रन बनाए थे। वो एक विकेट मोहम्मद शमी ने लिया था। मैच के दूसरे दिन मंगलवार को भारतीय गेंदबाजों में शार्दुल ठाकुर अकेले छाए रहे। उन्होंने इस पारी में अपने 5 विकेट पूरे किए और मेजबान टीम के बल्लेबाज उनकी गेंदबाजी के सामने लड़खड़ाते नजर आए। पारी समाप्त होते-होते शार्दुल ठाकुर ने 7 विकेट चटकाए। उन्होंने 17.5 ओवर में 61 रन देते हुए 7 विकेट लिए।

इन धुरंधरों को किया आउट

शार्दुल ठाकुर ने शीर्ष के 6 बल्लेबाजों में से 5 विकेट चटकाए। शार्दुल ठाकुर ने सबसे पहले डीन एल्गर (120 गेंद में 28 रन) और युवा कीगन पीटरसन (118 गेंद में 62 रन) को पवेलियन भेजा। इसके बाद उन्होंने रासी वेन डर डुसेन (1) को पंत के हाथों कैच कराया। अपने चौथे विकेट के रूप में ठाकुर ने काइल वेरेन्ने को पगबाधा आउट किया जो 21 रन बनाकर लौटे जबकि तेम्बा बावुमा को विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों कैच कराते हुए पांच विकेट पूरे किए। इसके बाद मारको जेनसन (21) को अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया और अंतिम विकेट के रूप में लुंगी एनगिडी (0) को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच आउट कराते हुए अपने 7 विकेट पूरे किए।

बनाए दो खास रिकॉर्ड

इसके साथ ही अब शार्दुल ठाकुर पहले ऐसे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं जिसने जोहानिसबर्ग में एक पारी में 7 विकेट लेने के कमाल किया है। यही नहीं, वो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के मामले में शीर्ष भारतीय बन गए हैं। उन्होंने 61 रन देकर 7 विकेट लिए। इस मामले में उन्होंने अश्विन 2015 (7-66), हरभजन सिंह 2004 (7-87), हरभजन सिंह 2011 (7-120) और अश्विन 2019 (7-145) को पीछे छोड़ा।

इसके अलावा वो छठे ऐसे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं जिसने जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में एक पारी में 5 विकेट लेने का कमाल किया है। ये हैं उन छह खिलाड़ियों के नाम..

1. अनिल कुंबले, 1992

2. जवागल श्रीनाथ, 1997

3. एस श्रीसंत, 2006

4. जसप्रीत बुमराह, 2018

5. मोहम्मद शमी, 2018

6. शार्दुल ठाकुर, 2022*

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!