IPL 2021, PBKS vs RR: पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स की टक्कर, ऐसी हो सकती है प्लेइंग इलेवन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 21, 2021, 09:58 AM IST

आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में मंगलवार को पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स की टक्कर होगी। जानिए, किन खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है।

IPL 2021, PBKS vs RR: पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स की टक्कर, ऐसी हो सकती है प्लेइंग इलेवन

पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में अपना पहला मैच खेलने के लिए तैयार हैं। दोनों टीमें मंगलवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। पीबीकेएस और आरआर ने भारत में हुए पहले चरण में निराशाजनक प्रदर्शन किया था और अंक तालिका में निचले पायदान पर हैं। दोनों टीमें अब यूएई में नए सिरे से आगाज करने की फिराक में होंगी। पंजाब ने अभी तक 8 मैचों से तीन जीते हैं और छह अंकों के साथ तालिक में सातवें नंबर पर है। वहीं, राजस्थान ने 7 मुकाबलों में से 3 अपने नाम किए और उसके भी 6 अंक है। आरआर बेहतर रन रेट के आधार पर छठे स्थान पर है।

22 मुकाबलों में टकरा चुके हैं पंजाब-राजस्थान

पंजाब और राजस्थान मौजूदा सीजन में दूसरी बार एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगी। दोनों की जब पहले चरण में भिड़ंत हुई थी, तब पंजाब ने रोमांचक मैच में राजस्थान को 4 रन से मात दी थी। पंजाब ने 221/6 बनाए थे और लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान 217/7 ही बना सकी थी। मैच में आरआर के कप्तान संजू सैमसन ने शतक ठोका था। वहीं, आईपीएल में दोनों टीमों के बीच कुल टक्कर की बात करें तो 22 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इस दौरान राजस्थान का पलड़ा भारी रहा और उसने पंजाब के खिलाफ 12 मैचों में विजय हासिल की। दूसरी ओर, पंजाब टीम 10 मैचों में बाजी मारने में सफल रही। पंजाब और राजस्थान यूएई में तीन मर्तबा भिड़े हैं। इसमें आरआर ने दो और पंजाब को एक जीत मिली।

दोनों की प्लेइंग इलेवन में हो सकते हैं ये बदलाव

पंजाब और राजस्थान के कई खिलाड़ियों के दूसरे चरण में खेलने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद कुछ नए खिलाड़ी जुड़े हैं। ऐसे में दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन में बदलाव होने की संभावना है। इंग्लैंड के आदिल राशिद को आईपीएल डेब्यू का मौका मिल सकता है। वह पीबीकेएस का हिस्सा हैं। हालांकि, राशिद के स्थान पर क्रिस जॉर्डन भी अंतिम एकादश में आ सकते हैं। वहीं, वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज एविन लुईस राजस्थान के लिए बतौर ओपनर खेल सकते हैं। इंग्लैंड के लियाम लिविंगस्टोन भी प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने में कामयाब हो सकते हैं। तबरेज शम्सी और मुस्तफिजुर रहमान में से कोई एक टीम में जगह बना सकता है।

पंजाब किंग्स की संभावित प्लेइंग-11

केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), मयंक अग्रवाल, क्रिस गेल, निकोलस पूरन, दीपक हुड्डा, शाहरुख खान, मोइसेस हेंरीक्वेस, आदिल राशिद/क्रिस जॉर्डन, मुरुगन अश्विन/रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद शमी।

राजस्थान रॉयल्से की संभावित प्लेइंग-11

संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), एविन लुईस, यशस्वी जायसवाल/मनन वोहरा, लियाम लिविंगस्टोन/डेविड मिलर, रियान पराग, शिवम दुबे, क्रिस मॉरिस, राहुल तेवतिया, चेतन सकारिया, तबरेज शम्सी/मुस्तफिजुर रहमान, जयदेव उनादकट।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!