ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डीन जोंस का मुंबई में हार्ट अटैक से निधन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 24, 2020, 05:20 PM IST

Dean Jones passes away: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डीन जोंस को गुरुवार को मुंबई में हार्ट अटैक की वजह से निधन हो गया। वो 59 वर्ष के थे।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डीन जोंस का मुंबई में हार्ट अटैक से निधन

मुंबई: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और कॉमेन्ट्रेटर डीन जोंस का मुंबई में गुरुवार को निधन हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक उनका देहांत हार्ट अटैक की वजह से हुआ है। इस खबर के आने के बाद सारे क्रिकेट जगत में दुख की लहर दौड़ गई है। 1994 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलविदा कहने वाले जोंस महज 59 साल के थे और उन्हें कॉमेंट्री में उनके मजाकिया अंदाज के लिए जाना जाता था। उन्होंने अपने करियर में 52 टेस्ट और 164 वनडे मैच खेले और इस दौरान तकरीबन 10 हजार अंतरराष्ट्रीय रन बनाए। 

जोंस ने अपने करियर में 52 टेस्ट मैच खेले और इस दौरान 46.55 की औसत से 3631 रन बनाए। 216 उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। उन्होंने टेस्ट करियर में 11 शतक जड़े वो ऐलन बॉर्डर की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के अहम सदस्य थे। वो 1987 में विश्व कप जीतने वाली टीम के भी सदस्य रहे थे। उन्होंने करियर में 164 वनडे मैच खेले और इस दौरान 6068 रन बनाए। इसमें सात शतक और 46 अर्धशतक शामिल थे। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई के एक सात सितारा होटल में बायो सिक्योर बबल में रह रहे जोंस को गुरुवार दोपहर को दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया और इसके बाद उनके देहांत की दहला देने वाली खबर आ गई। 

जोंस के निधन के बाद स्टार स्पोर्ट्स ने प्रेस रिलीज जारी करने कहा, बेहद दुख के साथ हम डीन मर्विन जोन्स एएम के निधन की खबर साझा कर रहे हैं। दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। हम उनके परिवार के प्रति संवेदना जाहिर करते हैं और इस मुश्किल समय में उनके सहयोग के लिए तैयार हैं। जरूरी इंतजाम करने के लिए हम ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग के संपर्क में हैं।'|

विज्ञप्ति में कहा गया, 'जोन्स खेल के महान दूतों में से एक थे और वह दक्षिण एशिया में क्रिकेट के विकास से जुड़े रहे। वह नई प्रतिभा को खोजने और युवा क्रिकेटरों को तराशने को लेकर जुनूनी थे। वह चैंपियन कमेंटेटर थे जिनकी मौजूदगी और खेल को पेश करने का तरीका हमेशा प्रशंसकों को खुशी देता था। स्टार और दुनियाभर में उनके लाखों प्रशंसकों को उनकी कमी खलेगी। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और मित्रों के साथ हैं।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!