VIDEO: पाकिस्तान के आबिद अली रह गए सन्न, जोफ्रा आर्चर की इस गेंद को देखते नहीं थकेंगे आप

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 5, 2020, 05:23 PM IST

Jofra Archer trending video, 5/8/2020: पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच शुरू हुए पहले टेस्ट का पहला विकेट जोफ्रा आर्चर के खाते में गया। आर्चर ने आबिद अली को एक शानदार गेंद पर बोल्ड किया। वीडियो ट्रेंड कर रहा है।

VIDEO: पाकिस्तान के आबिद अली रह गए सन्न, जोफ्रा आर्चर की इस गेंद को देखते नहीं थकेंगे आप
Photo Credit: AP

Jofra Archer dismisses Abid Ali: मैनचेस्टर में बुधवार को पाकिस्तान और इंग्लैंड की टीमों के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट का आगाज हो गया। तकरीबन छह महीने के लंबे अंतराल के बाद टेस्ट क्रिकेट खेलने उतरी पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए इस मैच की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। उन्होंने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था लेकिन तमाम उम्मीदों के साथ उतरे उनके ओपनर आबिद अली को जोफ्रा आर्चर ने एक लाजवाब गेंद पर बोल्ड करके पवेलियन का रास्ता दिखाया और पाकिस्तान को पहला झटका दिया।

आर्चर ने दिया करारा झटका

इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच पहले टेस्ट में पाकिस्तानी कप्तान अजहर अली ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। पिछले कई हफ्तों से इंग्लैंड में रहकर अभ्यास करने में जुटे पाकिस्तानी बल्लेबाजों के लिए ये अच्छा मौका था लेकिन उनकी शुरुआत बेहद खराब रही। पारी की शुरुआत करने शान मसूद के साथ आबिद अली उतरे। आबिद अली अभी 16 रन ही बना पाए थे कि दिन के 16वें ओवर की पहली गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने उन्हें बोल्ड कर दिया।

वीडियो हुआ वायरल

जोफ्रा आर्चर ने 16वें ओवर की पहली गेंद पर एक बेहतरीन तेज रफ्तार गेंद फेंकी। इस गेंद पर आबिद अली ने डिफेंसिव शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन गेंद बाउंस के साथ ही स्विंग की और आबिद अली के डिफेंस को भेदती हुई विकेट बिखेरकर निकल गई। उनकी इस लाजवाब गेंद का वीडियो सोशल मीडिया पर भी देखते-देखते वायरल हो गया। आप भी देखिए ये वीडियो..

अजहर अली भी सस्ते में लौटे

आबिद अली के आउट होने के बाद पिच पर कप्तान अजहर अली आए। उम्मीद की जा रही थी कि नए कप्तान के रूप में अजहर अली खुद को साबित करने का प्रयास करेंगे और पारी को संभालेंगे। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। अजहर अली ने छह गेंदों तक संघर्ष किया और 19वें ओवर की पहली गेंद पर वो बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। क्रिस वोक्स की एक शानदार गेंद पर अजहर अली (0) LBW हुए और पाकिस्तान को दूसरा झटका भी लग गया।

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच इस पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान दो स्पिनर्स के साथ मैदान पर उतरा है। मैच से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने कोरोनावायरस की वजह से दुनिया भर में जान गंवाने वाले तमाम लोगों को श्रद्धांजलि दी। मैच के पहले दिन बारिश की भी भविष्यवाणी की गई है, ऐसे में फैंस यही उम्मीद कर रहे होंगे कि पहले दिन जितना ज्यादा खेल हो सके, हो जाए।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!