इस दिग्गज क्रिकेटर ने आईपीएल 2022 में ना खेलने का फैसला लिया !

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 18, 2022, 06:22 AM IST

Ben Stokes, IPL 2022: इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने आईपीएल 2022 में ना खेलने का फैसला किया है। वो आईपीएल की आगामी मेगा नीलामी के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

इस दिग्गज क्रिकेटर ने आईपीएल 2022 में ना खेलने का फैसला लिया !

IPL 2022: विश्व के प्रमुख हरफनमौला खिलाड़ी बेन स्टोक्स ने अपने कार्यभार का प्रबंधन करने और मानसिक रूप से तरोताजा रहने के लिए इस साल के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से बाहर होने का विकल्प चुना है। ब्रिटिश मीडिया में आई खबरों के अनुसार वह गर्मियों के सत्र में इंग्लैंड की घरेलू श्रृंखलाओं पर अपना ध्यान लगाना चाहते हैं।

एशेज श्रृंखला में स्टोक्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा जहां उन्होंने सिर्फ 236 रन बनाए और चार विकेट लिये। इंग्लैंड को इस श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया के हाथों 0-4 की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान डेविड गावर सहित कई पूर्व दिग्गज इस खराब प्रदर्शन का दोष ग्लैमर से भरी टी20 लीगों पर मढ़ चुके हैं।

‘लंदन इवनिंग स्टैंडर्ड’ की खबर के मुताबिक, ‘‘स्टोक्स इस साल के टूर्नामेंट (आईपीएल) से बाहर रहेंगे, जिसमें 10 टीमें शामिल होंगी। इसके लिए बड़ी नीलामी का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के लिए बोली लगेगी।’’

खबर में लिखा है, ‘‘स्टोक्स के लिए पिछले कुछ साल काफी मुश्किल भरे रहे है। उनके पिता ग्रेड की 13 महीने पहले मृत्यु  हो गयी थी। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए लंबा ब्रेक लिया। वह अंगुली में फैक्चर के कारण आईपीएल 2021 के पहले चरण से बाहर हो गये और फिर दूसरे चरण के लिए अपनी टीम राजस्थान रॉयल्स की टीम से नहीं जुड़े।’’

उन्होंने बताया, ‘‘आईपीएल से बाहर रहने से स्टोक्स को आर्थिक तौर पर काफी नुकसान होगा लेकिन वह  मार्च में इंग्लैंड के वेस्टइंडीज दौरे के बाद जून से शुरू होने वाले घरेलू सत्र के लिए मानसिक तौर पर तैयार रहेंगे।’’

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!