प्रयागराज : प्रयागराज में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां लव मैरिज के महज तीन महीने बाद पत्नी ने कथित तौर पर पत्थर से हमला कर अपने पति की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, पति ने कहासुनी के दौरान पत्नी को थप्पड़ मार दिया था, जिससे गुस्साई महिला ने पास में पड़ा पत्थर उठाकर उसके सिर पर लगातार तीन वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से पति की मौत हो गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
वारदात के बाद महिला पति के शव के पास बैठकर रोने लगी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे मौके से ही हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल खून से सना पत्थर भी बरामद किया है।
तीन महीने पहले मध्य प्रदेश में हुई थी मुलाकात
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 35 वर्षीय शेखर बंसल के रूप में हुई है, जो प्रयागराज के यमुनापार इलाके के शंकरगढ़ का रहने वाला था। वह मध्य प्रदेश में मजदूरी करता था। करीब तीन महीने पहले उसकी मुलाकात 30 वर्षीय उर्मिला से मध्य प्रदेश में हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे नजदीकियां हो गईं।
इसके बाद उर्मिला अपने बेटे के साथ शेखर के साथ रहने लगी। शेखर उसे और उसके बेटे को प्रयागराज ले आया। यहां दोनों ने मंदिर में शादी कर ली। बताया जा रहा है कि उर्मिला की यह दूसरी शादी थी। उसके पहले पति ने उसे छोड़ दिया था।
शराब पीने को लेकर अक्सर होता था विवाद
पुलिस के अनुसार, शेखर शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे में पत्नी से झगड़ा करता था। 9 नवंबर को दोपहर के समय उर्मिला घर के बाहर पड़ोस की महिलाओं के साथ बातचीत कर रही थी। इसी दौरान शेखर शराब के नशे में वहां पहुंचा और उसे घर चलने के लिए कहने लगा।
उर्मिला घर के अंदर जाने के बजाय सड़क की ओर चलने लगी। शेखर भी उसके पीछे-पीछे पहुंच गया। एक मकान के बाहर उर्मिला रुक गई। इसी दौरान शेखर उसके पैरों में हाथ जोड़कर लेट गया। इसके बाद अचानक उसने उर्मिला को थप्पड़ मार दिया।
थप्पड़ मारने के बाद पत्थर से किए तीन वार
पुलिस के मुताबिक, थप्पड़ पड़ने से गुस्साई उर्मिला ने पास में पड़ा पत्थर उठाया और शेखर के सिर पर लगातार तीन बार वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल शेखर की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही शंकरगढ़ थाना प्रभारी प्रीतम कुमार तिवारी पुलिस टीम और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उर्मिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने पति की हत्या करने की बात स्वीकार की। थाना प्रभारी प्रीतम तिवारी ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल खून से सना पत्थर भी बरामद कर लिया गया है।
