शहर

कोटा में हाईटेंशन लाइन बनी काल; घरों में फैले करंट से महिला की दर्दनाक मौत, तीन मासूम समेत 9 अन्य झुलसे

राजस्थान के कोटा में हाईटेंशन बिजली लाइन में आई तकनीकी खराबी ने रविवार को एक दर्दनाक हादसे का रूप ले लिया। कई घरों में करंट फैलने से एक महिला की जान चली गई, जबकि चार महिलाओं और तीन बच्चों सहित नौ लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

Image

कोटा में कई घरों में करंट फैलने से हड़कंप (प्रतीकात्मक फोटो)

Kota News: राजस्थान के कोटा में रविवार को हाईटेंशन बिजली लाइन में आई खराबी के कारण कई घरों में करंट फैलने से 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि चार महिलाओं और तीन बच्चों समेत नौ लोग झुलस गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे अनंतपुरा थाना क्षेत्र के क्रशर रोड स्थित बरड़ा बस्ती में हुई। क्षेत्राधिकारी रमेश काविया ने बताया कि घरों के ऊपर से गुजर रही जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) की हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर तेज धमाके के साथ टूटकर अलग हो गया, जिससे नीचे स्थित घरों में करंट फैल गया।

1 महिला की मौत, 9 अन्य झुलसे

हादसे में अशफाक नाम के व्यक्ति की पत्नी सलमा (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भूरीबाई (25), अयोध्याबाई (48), सीमा कंवर (35), नशवीन (50), इरशाद बेग (60), अशफाक (33), अर्शिल (9), जोया (14) और आलिया (12) झुलस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और जेवीवीएनएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे, क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करायी और सभी घायलों को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां सलमा को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

वन भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए थे मकान

पुलिस ने घटना के कारणों की जांच के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। जेवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता (Superintending Engineer) शिवचरण जांगिड़ ने बताया कि पास की खदानों से उछले पत्थरों के टुकड़ों से इंसुलेटर क्षतिग्रस्त हो गया होगा, जिससे घरों में करंट फैल गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रभावित मकान वन भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए थे और उनका दायरा हाईटेंशन बिजली टावर तक पहुंच गया था। मरम्मत के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। वहीं, जांगिड़ ने घटना की हाई लेवल जांच के आदेश दिए हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article