शहर

दिल्ली के बार में फायरिंग करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, रंगदारी के लिए दहशत फैलाने आए थे बदमाश

Delhi Bar Firing Case: पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने तीन राउंड फायरिंग की थी। इनमें से दो गोलियां सब-इंस्पेक्टर रविंदर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं, जिससे वह बाल-बाल बच गए। ​​जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली आरोपी को लगी।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI)

Delhi Bar Firing Case: राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में बार में फायरिंग करके दहशत फैलाने वाले तीन बदमाशों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का मकसद इलाके के बार और रेस्टोरेंट संचालकों को डराकर उनसे रंगदारी वसूलना था। इसके लिए उन्होंने सुनियोजित तरीके से बार में घुसकर फायरिंग की और धमकी देकर फरार हो गए थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुख्य आरोपी सतिंदर उर्फ कांटा (30), जितेश गोला (35) और अमित गोहर (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।

बार-रेस्टोरेंट से वसूली के लिए फायरिंग

मुठभेड़ के दौरान सतिंदर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान सतिंदर के बाएं पैर में गोली लग गई। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने तीन राउंड फायरिंग की थी। इनमें से दो गोलियां सब-इंस्पेक्टर रविंदर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं, जिससे वह बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली आरोपी को लगी। पुलिस ने उसके पास से एक अत्याधुनिक पिस्टल, तीन खाली कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस को रात एक बजे मिली थी फायरिंग की सूचना

यह घटना 16 और 17 नवंबर की दरमियानी रात पंचकुइयां रोड स्थित एक बार में हुई। पुलिस को 17 नवंबर को रात करीब 1 बजे फायरिंग की सूचना मिली थी। शिकायत के अनुसार, सतिंदर और जितेश अपने साथियों के साथ रात करीब 11.55 बजे बार में पहुंचे थे। पहले उन्होंने बार संचालक से रंगदारी की मांग की और जब बात नहीं बनी तो कहासुनी के बाद दो राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। फुटेज में एक आरोपी बार के मुख्य गेट के पास फायरिंग करता हुआ साफ नजर आ रहा था। इसके आधार पर पहाड़गंज थाने में FIR दर्ज की गई।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया जुर्म

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की। सोनिया विहार में सतिंदर के छिपे होने की पक्की सूचना पर पुलिस टीम ने वहां छापा मारा। पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। वहीं दूसरी टीम ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी करके जितेश गोला और अमित गोहर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सतिंदर ने कबूल किया कि फायरिंग का मकसद बाजार में डर फैलाना और बार-रेस्टोरेंट से नियमित रूप से रंगदारी वसूलना था। पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और उनके अन्य साथियों के बारे में भी जांच कर रही है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article